Breaking News

बिहार में दर्दनाक हादसे से मचा हाहाकार, एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत


बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की अल सुबह बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक सवारी गाड़ी गंगा में डूब गई। इस वैन में सवार एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा दानापुर के समीप बने पीपा पुल पर हुआ। हादसे के काफी देर बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें बचाव के लिए पहुंचीं। करीब तीन घंटे की मशक्‍कत के बाद गोताखोरों ने गाड़ी को ढूंढ निकाला। वहीं क्षेत्रीय सांसद रामकृपाल यादव और दानापुर के विधायक रीतलाल यादव भी मौके पर पहुंच गए हैं। गाड़ी में बच्‍चे और महिलाएं सहित करीब 10 लोग सवार थे। दो लोग गाड़ी की छत पर भी बैठे थे, जिन्‍होंने कूदकर अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि पुल से गुजरते समय पिकअप वैन अचानक संतुलन खो बैठी और गंगा में गिर गई।गंगा में डूबने वाले वाहन पर सवार सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। यह हादसा अकीलपुर से दानापुर की तरफ लौटते वक्‍त शुक्रवार की सुबह हुआ। गाड़ी को गंगा में समाते देखकर पुल से गुजर रही दूसरी गाडिय़ों पर सवार लोग भौंचक रह गए। तत्‍काल वहां काफी भीड़ लग गई। इसी बीच कुछ लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात अकीलपुर के रहने वाले विक्रम सिंह के भतीजे राजेश का तिलक था। गंगा में डूबने वाली गाड़ी पर सवार इसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे की खबर के बाद शादी वाले घर के लोग सन्‍न हैं तो पीडि़तों के घर हाहाकार मच गया है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3dIG3ec

कोई टिप्पणी नहीं