ISL 6: एटीके ने हैदराबाद एफसी को 5-0 से रौंदा

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डेविड जोएल विलियम्स और इदु गार्सिया के दो-दो गोलों की मदद से दो बार की चैंपियन एटीके ने हीरो इंडियन सुपर लीग के छठे सीजन में जीत का खाता खोल लिया। मेजबान एटीके ने शुक्रवार को यहां विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में आईएसएल की नई नवेली टीम हैदराबाद एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। रविवार को केरला ब्लास्टर्स के हाथों 1-2 की हार झेलने के बाद ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि एटीके की टीम इस मैच में शानदार वापसी करेगी और टीम ने पहले ही हाफ में तीन गोल करके इसके संकेत दे दिए। इसके बाद उसने दूसरे हाफ में भी गार्सिया के दो गोलों की मदद से शानदार जीत अपने नाम कर ली। मेजबान एटीके की जीत में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी विलियम्स का अहम योगदान रहा। विलियम्स ने एटीके के तीनों गोलों में अपना अहम योगदान दिया। मेजबान टीम के लिए विलियम्स ने 25वें और 44वें, रॉय कृष्णा ने 27वें और इदु गार्सिया ने 88वें और इंजरी टाइम में गोल किया। एटीके ने यहां करीब 26000 दर्शकों की मौजूदगी में धमाकेदार शुरुआत की और 25वें मिनट में जाकर उसे सफलता मिली जब विलियम्स ने शानदार गोल करके एटीके को 1-0 से आगे कर दिया। विलियम्स ने यह गोल जेवियर हर्नांडीज की मदद से किया। हैदराबाद के खिलाड़ी अपील कर रहे थे कि ये आफ साइड है, लेकिन रेफरी ने इसे नकार दिया। इसके दो मिनट बाद 27वें मिनट में कृष्णा ने बेहतरीन गोल कर एटीके को 2-0 की अहम बढ़त दिला दी।कृष्णा ने यह गोल पहला गोल दागने वाले विलियम्स की मदद से किया। पहले हाफ में ही 2-0 की बढ़त लेने वाली एटीके के खेल में अब ज्यादा आक्रामकता नजर आने लगी। एटीके को इसका फायदा भी मिला जब हॉफ टाइम समाप्त होने से ठीक पहले ही विलियम्स ने जायेश राणे से मिले पास पर गेंद को गोल में डालकर एटीके की बढ़त को पहले हॉफ में ही 3-0 तक पहुंचाकर मैच पूरी तरह उसे उसके नियंत्रण में ला दिया। विलियम्स ने यह गोल 44वें मिनट में दागा। 84वें मिनट में एटीके ने मैच में अपना अंतिम बदलाव किया। मेजबान टीम ने 27वें मिनट में गोल करने वाले कृष्णा की जगह कोमल थाटल को मैदान पर बुलाया। इस दौरान एटीके ने अपनी बढ़त को 4-0 तक पहुंचा दिया। मेजबान टीम के लिए यह गोल गार्सिया ने प्रबीर दास के एसिस्ट पर 88वें मिनट में किया। गार्सिया यहीं नहीं रूके और उन्होंने इंजरी टाइम में एक और गोल दागकर एटीके को 5-0 से शानदार जीत दिलाकर उसे पूरे तीन अंक दिला दिया। गार्सिया ने इस बार भी प्रबीर दास की मदद से ही गोल दागा।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/31PDayS
कोई टिप्पणी नहीं