त्रिपुराः बीएसएफ की गोली से युवक की मौत, सीमवर्ती गावों में तनाव

त्रिपुरा में बेलोनिया के देवीपुर में कथित तौर पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गोली से एक स्थानीय युवक की मौत के बाद दक्षिणी सीमावर्ती गांवों में तनाव व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने युवक की मौत के लिए जिम्मेदार बीएसएफ जवानों को गिरफ्तार करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिकों पर बीएसएफ के कथित अत्याचार को रोकने की मांग करते हुए एक सड़क को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस के अधिकारी दक्षिण त्रिपुरा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण की कोशिश की। बीएसएफ अधिकारियों ने भी कुछ विशेष स्थानों पर तैनात जवानों की ड्यूटी की जगह बदल दी है और आरोपी कर्मियों को दंडित करने का आश्वासन देते हुए घटना की जांच का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जसीम मिया के रूप में की गयी है, जो सुबह करीब नौ बजे सीमा पर कथित तौर पर कुछ सामान की तस्करी कर रहा था। बीएसएफ के जवानों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो जसीम ने एक बीएसएफ जवान पर धारदार हथियार से हमला किया, जिसके बाद जवानों ने आत्मरक्षा में उस पर गोली चला दी। उसे गंभीर हालत में बेलोनिया अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39EvuXt
कोई टिप्पणी नहीं