थाने में अभिषेक बनर्जी के उत्पीड़न का दिखाया वीडियो तो भड़क उठी सरकार, इस टीवी चैनल को किया बंद

त्रिपुरा के खोवाई पुलिस थाने में तृणमूल कांग्रेस के गिरफ्तार किए गए लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी और नेताओं पर हमले और उत्पीड़न का प्रसारण करने वाले पीबी 24 न्यूज चैनल के प्रसारण को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार बिप्लब कुमार देब के नेतृत्व वाली त्रिपुरा सरकार पत्रकारों और मीडिया घरानों पर लगातार हमले कर रही है और साढ़े तीन वर्ष के शासन में चार लोकप्रिय समाचार चैनलों को बंद कर दिया है, जिनमें सरकार के विरोध में समाचार और कार्यक्रम प्रसारित करने वाला पीबी 24 शामिल है। इन कार्रवाइयों की मीडिया सर्किल में तीखी प्रतिक्रिया हुई है। रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस समर्थित केबल सेवा प्रदाता हाथवे और जीटीपीएल त्रिपुरा में सेवायें प्रदान कर रहे हैं। सरकार और सत्तारूढ़ दल को यदि किसी मामले को लेकर परेशानी होती है तो वे संबंधित चैनल टेलीकास्ट नेटवर्क से अवैध रूप से तुरंत डिस्कनेक्ट कर देते है। पीबी 24 के संपादक अनल रॉयचौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य भर में सेट-टॉप बॉक्स से डिस्कनेक्ट होने के तुरंत बाद मामले को सेवा प्रदाता के पास ले जाया गया, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है और न ही सेवा बहाल की है। उन्होंने कहा, सेवा प्रदाता कानूनी रूप से बाध्य हैं और कानून के गंभीर उल्लंघन के लिए भी बिना किसी पूर्व सूचना के किसी चैनल को डिस्कनेक्ट नहीं कर सकता है, लेकिन त्रिपुरा में लगातार इस तरह के मामले हो रहे हैं। त्रिपुरा असेंबली ऑफ जर्नलिस्ट्स (एओजे) के सबसे बड़े मीडिया फोरम ने पीबी 24 और चार अन्य चैनल दिन रात, आकाश त्रिपुरा, हल्लबुल और मृणालिनी ईएनएन के विरुद्ध कार्रवाई की निंदा की है और उनके प्रसारण को तुरंत बहाल करने की मांग की और सरकार से इन्हें बहाल करने आग्रह किया। सभी चैनल एओजे के साथ हैं और पिछले वर्ष सितंबर से आंदोलन कर रहे हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3xwneS7
कोई टिप्पणी नहीं