सावधानः भारत से इस राज्य में मिली कोरोना से सबसे खतरनाक वेरिएंट से संक्रमित महिला, मच गया हड़कंप

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि राज्य में एक महिला कोरोना के ‘डेल्टा प्लस’ वेरिएंट से संक्रमित पायी गयी है और इस संबंध में संपूर्ण जानकारी केंद्र सरकार को भेज दी गयी है। चौहान ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठन संबंधी महत्वपूर्ण बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भोपाल में मिले इस प्रकरण से संबंधित सभी जानकारियां केंद्र सरकार को भेजी गयी हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से एक बार फिर अनुरोध किया कि वे कोरोना को लेकर अब भी सतर्क रहें। कोरोना की दूसरी लहर से राज्य में काफी राहत मिल गयी है, लेकिन नागरिक जरा सी भी लापरवाही नहीं बरतें और मॉस्क लगाते हुए कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन पूरी तरह करें। यदि सावधानियां नहीं बरती गयीं तो हम फिर बड़े संकट में घिर सकते हैं। राजधानी भोपाल के बरखेड़ा क्षेत्र में 65 वर्षीय एक महिला कोरोना के अत्यधिक संक्रामक माने जाने वाले डेल्टा प्लस वेरिएंट से संक्रमित पायी गयी है। इस महिला का घर पर ही इलाज चल रहा है। यह मध्यप्रदेश का पहला मामला है और देश में इस तरह के एक दर्जन से कम ही मामले मिले हैं। महिला के संबंध में बताया गया है कि वह अपने घर से हाल के दिनों में कहीं नहीं गयी थी। चौहान ने राज्य में 21 जून से प्रारंभ होने वाले वैक्सीनेशन महाअभियान के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके पहले चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुयी बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी और आगामी कार्यक्रमों से जुड़ी रणनीति तय की।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3gDnSZ2
कोई टिप्पणी नहीं