बजट को बाजार की ऐतिहासिक सलामी , तूफानी तेजी के साथ सेंसेक्स 50,000 के पार

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आम बजट बाजार को खूब रास आ रहा है। बजट में विकास की घोषणाओं का जोश बाजार पर आज भी बरकरार है। आज बाजार की शानदार बढ़त के साथ शुरुआत हुई है। निफ्टी बैंक रेकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी बैंक के सभी 12 शेयरों में तेजी नजर आ रही है। सुबह 9.40 पर सेसेंक्स 1400 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 50,000 के ऊपर रहा तो वहीं निफ्टी 302 अंक की मजबूती के साथ 14583 के स्तर पर नजर आ रहा है। बजट में 1 फरवरी को भी करीब 2300 अंकों की तेजी थी और इसके बाद इसमें 1400 अंकों की तेजी आज भी देखी जा रही है। इस तरह से बजट के बाद से अब तक बाजार में करीब 3700 अंकों (करीब 8 प्रतिशत) की तेजी देखी जा रही है। बजट के बाद से इस तरह की तेजी इसके पहले बाजार में कभी नहीं देखी गई। आज सबसे अधिक तेजी ऑटो, फाइनेंस, फार्मा और बैंकों में देखी जा रही है।कल बजट के दिन बीएसई सेंसेक्स 2314.84 अंक यानी 5 फीसदी की बढ़त के साथ 48600.61 पर बंद हुआ। निफ्टी 646.60 यानी 4.74 फीसदी की बढ़त के साथ 14281.20 अंक पर बंद हुआ। यह पहला मौका है जब सीतारमण के बजट पर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। इससे पहले उनके दो बजट पर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल तीन शेयरों में गिरावट रही। शेयर बाजार में तेजी से निवेशकों ने एक दिन में 5.2 लाख करोड़ रुपये की कमाई की।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3tqwcjd
कोई टिप्पणी नहीं