भारतीय वैज्ञानिकों का कमाल, बनाया ऐसा पेड़, जो देता है बिजली, जानिए कैसे

क्या वृक्ष से बिजली पैदा हो सकती है? जवाब कुछ भी हो, लेकिन वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिकों ने तो यह कमाल कर दिखाया है। जानकारी के अनुसार वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की दुर्गापुर स्थित प्रयोगशाला ने दुनिया का सबसे बड़ा सौर वृक्ष तैयार किया है। यह वृक्ष एक छोटे गांव की बिजली की जरूरतों की पूर्ति करने में सक्षम है। खास बात यह है कि यदि सूरज बादलों में छिप जाए तो भी सौर वृक्ष से बिजली का उत्पादन होता रहता है। सेंट्रल मैकेनिकल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने अपनी कालोनी में इस वृक्ष को स्थापित किया है। इस वृक्ष में 35 सौर पैनल लगे हैं, जिनकी क्षमता 11.5 किलोवाट पीक की है। यानी 40-46 यूनिट बिजली यह पैदा करता है। यदि बादल छाए हों, लेकिन वातावरण में गर्माहट हो तो भी यह सौर वृक्ष करीब आधी क्षमता से काम करता है।बताया जा रहा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा सौर वृक्ष है। इसकी ऊंचाई न्यूनतम सात फीट और अधिकतम 13 फीट है। इसे इस प्रकार से बनाया गया है कि इसके पैनल ज्यादा से ज्यादा सूर्य का प्रकाश हासिल कर सकें, लेकिन इसमें एक हैंडल भी बना है जिससे पैनलों को अपनी जरूरत के हिसाब से घुमाकर उन्हें धूप की तरफ फिक्स किया जा सकता है।यह सौर वृक्ष दूर-दराज के इलाकों जहां बिजली पहुंचा पाना मुश्किल है, उनके लिए अच्छा विकल्प है। इसकी लागत करीब साढ़े सात लाख रुपए बताई जा रही है। इसे कृषि कार्य में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पानी के पंप चलाने से लेकर बिजली चालित सभी उपकरणों को इससे चलाया जा सकता है। सौर वृक्ष के इस्तेताल से कार्बन उत्सर्जन में सालाना 10-12 टन की कमी आएगी। इस वृक्ष का एक और इस्तेमाल है, इसमें उपकरण और सेंसर भी लगाए जा सकते हैं।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/325fjyD
कोई टिप्पणी नहीं