Breaking News

BCCI U-23: छत्तीसगढ़ की दूसरी जीत, त्रिपुरा को 7 विकेट से हराया


बीसीसीआई अंडर-23 महिला वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने सोमवार को लगातार दूसरी जीत हासिल की है। दूसरे मुकाबले में रितु मेश्राम (4 विकेट) की घातक गेंदबाजी से छत्तीसगढ़ ने त्रिपुरा को 7 विकेट से हरा दिया। इससे पहले छत्तीसगढ़ ने सौराष्ट्र को हराकर जीत से शुरुआत की थी। चेन्नई के मैदान में खेेले गए इस मुकाबले में त्रिपुरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।लेकिन, छत्तीसगढ़ की घातक गेंदबाजी के सामने उसके बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरस गईं। रितु और शिवानी यादव ने त्रिपुरा की पारी को 49.4 ओवर में 84 रन पर ही समेट दिया। त्रिपुरा की ओर से प्रिया ने सर्वाधिक 15 रन की पारी खेली। जबकि, उसके 9 बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं पार कर सकीं। छत्तीसगढ़ की गेंदबाज रितु मेश्राम ने 4 और शिवानी यादव ने दो विकेट झटके। ममता भगत और श्रद्धा वैष्णव को एक-एक सफलता मिली। 85 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरीं छत्तीसगढ़ की बल्लेबाजी ने शानदार शुरुआत की और मात्र 23.5 ओवर में ही विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया। छत्तीसगढ़ ने मनप्रीत कौर के 22, दीपिका तिवारी के 17 और शिवी पांडेय के 16 रन की पारियों से 23.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 85 रन बना लिए और त्रिपुरा को 7 विकेट से हरा दिया। लगातार दो जीत के बाद छत्तीसगढ़ के ग्रुप सी में 8 अंक हो गए हैं और वह हरियाणा के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसकी नाकआउट चरण में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2uDwWHA

कोई टिप्पणी नहीं