Breaking News

भाजपा कार्यकर्ता ने पोस्ट किया वीडियो, इस मशहूर सिंगर को दी धमकी


असम के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग को एक भाजपा कार्यकर्ता ने धमकी दी है। धमकी देने वाला भाजपा कार्यकर्ता जुबीन के विवादित नागरिकता (संशोधन)विधेयक 2019 के खिलाफ आवाज बुलंद करने से नाराज है। आपको बता दें कि जुबीन गर्ग बिल के विरोध में प्रदर्शन भी कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर हाल ही में पोस्ट किए गए वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता को जुबीन के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा गया। उसने जुबीन को राज्य के राजनीतिक मामलों में नाक घुसेडऩे की बजाय सिंगिंग पर ध्यान देने को कहा। धमकी देने वाले भाजपा कार्यकर्ता की पहचान जैनल अली के रूप में हुई है। वह मोरीगांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह राज्य के शहरी विकास मंत्री पीजुष हजारिका का करीबी है। अली ने जुबीन गर्ग को दिहाड़ी मजदूर बताते हुए उसे चांटा मारने की धमकी दी। आपको बता दें कि जुबीन गर्ग विवादित नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर काफी मुखर हैं। उन्होंने फेसबुक पर राज्य के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नाम खुला पत्र लिखा था। जुबीन ने विवादित नागरिकता (संशोधन) बिल के खिलाफ आंदोलन की धमकी भी दी थी। जुबीन ने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री बिल को वापस लेने के लिए कदम उठाने में विफल रहते हैं तो वह आंदोलन करेंगे।13 जनवरी को जुबीन ने कहा था कि 2016 में असम विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा के लिए गाना गाया था। इसके बदले उन्हें जो पैसे मिले थे वह राशि लौटाने के लिए तैयार है। उन्होंने बिल का विरोध कर रहे ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन से हाथ मिला लिया था। उन्होंने बिल के विरोध में एक गाना भी कम्पोज किया है, जिसके बोल हैं मित्रों, राजनीति मत करो।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2WvxZD6

कोई टिप्पणी नहीं