Breaking News

रोहतक में बड़ा हत्याकांड : पति-पत्नी और सास की गोली मारकर हत्या, बेटी की हालत गंभीर


शुक्रवार को रोहतक की विजय नगर कॉलोनी में हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ अभी तक खाली है. हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन अभी तक पुलिस ये तक पता नहीं लगा पाई है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले कौन थे. शनिवार को रोहतक पीजीआई में तीनों शवों का पोस्टमार्टम हुआ और घायल लड़की की हालत अभी गंभीर बनी हुई है.बता दें कि शुक्रवार दोपहर को विजय नगर के रहने वाले प्रदीप मलिक और उसके परिवार पर कुछ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर गोलियों से हमला कर दिया था. इसमें प्रदीप, उसकी पत्नी और उसकी सास की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि प्रदीप की बेटी नेहा मलिक गंभीर रूप से घायल हो गई थी. इस हत्याकांड को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार भी हो गए, लेकिन रोहतक पुलिस अभी तक उनके बारे में कोई भी सुराग नहीं लगा पाई है.हालांकि पुलिस का दावा है कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इसको लेकर कई टीमें भी गठित की गई हैं. आज तीनों मृतकों के शवों का पीजीआई की मोर्चरी में पोस्टमार्टम हुआ. शवों को परिजनों को सौंप दिया गया. इस हत्याकांड की एकमात्र चश्मदीद नेहा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है, फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और रोहतक पीजीआई में ही उसका इलाज चल रहा है.हालांकि पुलिस का कहना है कि जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन अभी तक किसी तरह का कोई सबूत हाथ ना लगना भी रोहतक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है. वहीं मृतकों की शिनाख्त 42 वर्षीय प्रदीप, 40 वर्षीय बबली और प्रदीप की 60 वर्षीय सास रोशनी के रूप में हुई है. बेटी नेहा उर्फ तमन्ना घायल है.

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ky8MEI

कोई टिप्पणी नहीं