Breaking News

दुनिया की सबसे छोटी नदी अमरीका में, लंबाई महज एक मॉल जितनी


नदियों का जिक्र छिड़ते ही जेहन में नील, अमेजन, यलो का नाम सामने आ जाता है। कारण इनकी लंबाई, चौड़ा पाट, पानी का घनत्व सबको अंगुलियों पर याद रहता है। वहीं देश की बात करें तो सिंधु, गंगा, ब्रह्मपुत्र, कृष्णा, गोदावरी जैसी उफनती नदियों की पिक्चर दिमाग में उपज जाती है, लेकिन क्या दुनिया की सबसे छोटी नदी का नाम पता है? उसकी लंबाई की जानकारी है? शायद न हो लेकिन जानना जरूरी है। दुनिया की सबसे छोटी नदी अमरीका में बहती है। उसकी लंबाई भी महज चार-पांच घर जितनी। जानकारी के अनुसार नदी का नाम रो रीवर है। यह अमरीका के मोंटाना राज्य में बहती है। फिर कुछ मीटर के बाद ही यह मिसूरी नदी में मिल जाती है। दुनिया की इस सबसे छोटी नदी की लंबाई केवल 201 फीट यानी 61 मीटर है। करीब उतनी ही जितना लंबा कोई मॉल होता है या मध्यम दर्जे के एक कतार में बने हुए चार-पांच घर।खास बात यह है कि गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रेकाड्र्स में भी इसे दुनिया की सबसे छोटी नदी का दर्जा मिल चुका है। रो नदी 1.8-2.4 मीटर तक गहरी है। दरअसल इस नदी के बारे में दुनिया को सबसे पहले 1987 में पांचवीं की क्लास तक पढ़ाने वाली सुसी नार्दिंगर ने बताया। उन्हीं के छात्रों ने फिर अमरीकी बोर्ड में एक याचिका दायर करके कहा कि इस नदी का नाम उनके बताए नाम के अनुसार रो रिवर रखा जाए। इसी स्कूल के एक छात्र से एनएफएल के नामी फुटबालर बने डलास नील ने एक टीवी शो में इन नदी के बारे में बताया। इससे पहले ओरेगान में बहने वाली डी नदी को दुनिया की सबसे छोटी नदी माना जाता था। इसकी लंबाई 130 मीटर यानी 440 फीट थी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37x534g

कोई टिप्पणी नहीं