Breaking News

बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड को लगा तगड़ा झटका, इस दिग्गज नेता का हुआ निधन


बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक शशि भूषण हजारी का गुरुवार सुबह नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वह करीब 55 वर्ष के थे। हजारी लीवर संक्रमण से पीड़ित थे। पिछले दिनों उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वह दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से तीसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वर्ष 2010 में पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते। उसके बाद वह जदयू में शामिल हो गए थे। वर्ष 2015 और वर्ष 2020 का चुनाव उन्होंने जदयू उम्मीदवार के तौर पर जीता। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हजारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनका अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि हजारी एक कुशल राजनेता और प्रसिद्ध समाजसेवी थे। वह गरीबों के उत्थान के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। सामाजिक कार्यों में भी उनकी गहरी अभिरुचि थी। वह अपने क्षेत्र के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2V0EiSV

कोई टिप्पणी नहीं