केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार: आधा दर्जन मंत्रियों की छुट्टी संभव, सिंधिया-सोनोवाल पहुंचे दिल्ली

लंबे समय से लंबित केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार बुधवार शाम को हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार में नए चेहरों को जगह मिल सकती है। इस बीच मध्य प्रदेश से भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से नारायण राणे और असम से सर्बानंद सोनोवाल को दिल्ली बुला लिया गया है। माना जा रहा है कि कम से कम आधा दर्जन मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर किया जा सकता है।सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमडल विस्तार से पहले पीएम मोदी बुधवार को दिन में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के साथ विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप देंगे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का नया राज्यपाल बना दिया है। इससे मंत्रिमंडल में एक स्थान रिक्त हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार के जरिए पीएम मोदी की कोशिश पार्टी में नई पीढ़ी तैयार करने की भी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनावी समीकरण साधने के लिए सोशल इंजीनियरिंग का भी ध्यान रखा जाएगा।सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दक्षिण के राज्य से जुड़े एक-एक मंत्रियों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि केंद्रीय कैबिनेट में कौन शामिल होगा कौन नहीं, यह प्रधानमंत्री तय करेंगे। उधर, लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि अगर पशुपति पारस को पार्टी के कोटे से मंत्री बनाया गया तो हम कोर्ट जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल के संभावित चेहरे के लिए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यालय से फोन किया जा रहा है। इनमें असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुशील मोदी, नारायण राणे, शांतनु ठाकुर, निशिथ प्रमाणिक सहित एक दर्जन नेताओं को बुलावा भेजा गया है। जबकि गृहमंत्री अमित शाह ने लोजपा के नए अध्यक्ष पशुपति पारस को दिल्ली बुलाया है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3wknu5Z
कोई टिप्पणी नहीं