Breaking News

तिरुपति मंदिर में चढ़ाई 5 किलो वजनी सोने-चांदी की तलवार, कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश


कोरोना काल में लोग जब पाई-पाई को मोहताज हो रहे हैं तो एक अनन्य भक्त ने भगवान वेंकटेश्वर को सोने-चांदी से निर्मित तलवार भेंट कर सबको चौंक दिया है। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर में इस कारोबारी श्रद्धालु ने यह तलवार भेंट की है। मंदिर ट्रस्ट ने पुष्टि करते हुए कहा कि श्रद्धालु ने भगवान को सूर्यकटारी अर्पित की। तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ए वेंकट धर्म रेड्डी ने यह तलवार हासिल की। इसकी कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक भगवान वेंकटेश्वर को चढ़ावे में सोने-चांदी की तलवार भेंट करने वाले कारोबारी एमएस प्रसाद उनके परम भक्त हैं। वे यह तलवार पिछले साल ही मंदिर में भेंट करना चाह रहे थे लेकिन महामारी के कारण नहीं कर पाए। दो किलो सोने, तीन किलो चांदी से निर्मित इस तलवार को तमिलनाडु के कोयम्बटूर में आकार दिया गया। यह विशेष तलवार छह माह में बनकर तैयार हुई।आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में बने इस मंदिर में हर साल लाखों दर्शनार्थी पहुंचते हैं। यह मंदिर अपना स्थापत्यकला के साथ ही यहां मिलने वाले दान की वजह से भी चर्चा में रहता है। बताया जाता है कि सूर्यकथारी शब्द वैदिक संस्कृति के सूर्य कटारी से बना है। यह हथियार तिरुमला पहाडिय़ों में विराजमान भगवान वेंकटेश्वर का मुख्य हथियार माना जाता है और अक्सर उनके हाथों में दिखता है। भगवान विष्णु की इस तलवार को नंदक के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि यह तलवार स्वयं सूर्य देव ने उपहार में दी थी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kA0k9I

कोई टिप्पणी नहीं