प्लेन में भूख से तड़प रहा था मासूम, लेकिन 40 मिनट तक ब्रिटिश एयरवेज ने नहीं दी चम्मच, बाद में जताया अफसोस

ब्रिटिश एयरवेज में सफर कर रहे एक परिवार को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एयरलाइन स्टाफ ने बच्चे को खाना खिलाने के लिए चम्मच देने से इनकार कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मदेरिया से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में 32 वर्षीय साइमन गोल्ड अपनी प्रेग्नेंट पत्नी और छोटे बच्चे के साथ सफर कर रहे थे। साइमन ने गलती से बच्चे का चम्मच बाकी सामान के साथ पैक कर दिया था। विमान में जब बच्चे को भूख लगी, तो उन्होंने एयरलाइन स्टाफ से चम्मच देने का आग्रह किया, लेकिन एयरलाइन स्टाफ ने कहा कि कटलरी केवल हमारे क्लब यूरोप के सदस्यों को ही दी जाती है। इसलिए चम्मच देना संभव नहीं होगा। एयरलाइन स्टाफ के इस व्यवहार से साइमन और उनकी सात महीने की गर्भवती पत्नी ओरटल बुरी तरह आहत हुए। उन्होंने बच्चे का हवाला देते हुए कई बार चम्मच देने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें चम्मच उपलब्ध नहीं करवाई गई।पीड़ित पिता ने कहा, बच्चा भूख से चालीस मिनट रोता रहा, तब कहीं जाकर ब्रिटिश एयरवेज के स्टाफ का दिल पसीजा। मामला सामने आने के बाद अब ब्रिटिश एयरवेज ने खेद जताया है। हालांकि, कंपनी ने इससे इनकार किया है कि क्लब क्लास का हवाला देते हुए चम्मच नहीं दिया गया। कंपनी ने कहा, हमें खेद है कि व्यस्त उड़ान के दौरान हमारे केबिन क्रू सदस्य यात्री की मांग तुरंत पूरी नहीं कर सके, लेकिन जैसे ही संभव हुआ उन्होंने चम्मच उपलब्ध कराया।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2V6PwVL
कोई टिप्पणी नहीं