West Bengal election result live: पश्चिम बंगाल में कभी TMC तो कभी BJP आगे

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु , केरल, असम एवं केन्द्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी विधानसभा चुनाव के साथ ही विभिन्न राज्यों की तीन लोकसभा तथा 14 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में जारी मानकों के तहत रविवार सुबह आठ बजे शुरू हो गयी। पश्चिम बंगाल की बात करें तो TMC 43 और BJP 40 सीटों पर आगे चल रही है।बता दें कि पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटों में से 292 सीटों पर आठ चरणों में मतदान कराये गए थे जबकि शमशेरजंग और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के दो उम्मीदवारों के निधन होने के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिए गए। राज्य में 108 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा की त्रि-स्तरीय व्यवस्था की गई है, जहां बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीन और वीवीपैट को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। मतगणना केंद्रों पर कम से कम 292 पर्यवेक्षकों और केंद्रीय सुरक्षा बलों की 256 कंपनियों को तैनात किया गया है। चुनाव में 2116 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया है। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के बीच है , हालांकि कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों ने भी एड़ी चोटी का जोर लगाया है। तमिलनाडु में 234 सीटों के लिए संपन्न चुनाव की मतगणना के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस कर्मियों के अलावा केन्द्रीय अद्र्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। सभी मतगणना केन्द्रों में वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों को लगाया गया है। गत छह अप्रैल को हुए चुनाव में 3,998 उम्मीदवार मैदान पर थे। यहां सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक जीत की हैट्रिक पर नजर बनाए हुए है , जबकि सत्ता विरोधी लहर का दावा करने वाली द्रमुक 10 साल तक विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में आने के लिए बेताब है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर चुनाव की मतगणना हो रही है। यहां अपना भाग्य आजमाने वालों में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (धर्मदाम), भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन (मंजेश्वरम्), मेट्रोमैन ई श्रीधरन (पलक्कड़), स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा (मट्टनूर), पूर्व सीएम ओमन चांडी (पुथुपल्ली), राजस्व मंत्री ई चंद्रशेखरन (कान्हंगद) और पूर्व डीजीपी जैकब थॉमस (इरिन्जालाकुडा) शामिल हैं। पूर्वोत्तर में 126 सीटों वाले असम में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की अगुवाई वाले ‘मित्रजोत’ और कांग्रेस नीत ‘महाजोत’ दोनों ही गठबंधन दलों ने राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा किया है। केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी विधानसभा की 30 सीटों पर मुख्य मुकाबला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के बीच है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की तिरुपति , कर्नाटक की बेलगाम और तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा उपचुनाव समेत राजस्थान की सहारा, सुजानगढ़ और राजसमंद , कर्नाटक की बासवकल्याण एवं मस्की , दमोह (मध्य प्रदेश), पंढरपुर(महाराष्ट्र), सल्ट (उत्तराखंड), सेरछिप (मिजोरम) , नोकसेन(नागालैंड) , पिपली(ओडिशा) और नागार्जुन सागर (तेलंगाना) विधानसभा उपचुनावों की मतगणना भी शुरू हो गयी है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/336RQwJ
कोई टिप्पणी नहीं