Corona के कहर के बीच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कितनी बची है Corona vaccine, मोदी सरकार ने किया बड़ा खुलासा

कोविड टीकाकरण के तीसरे चरण के पहले दिन शनिवार को केंद्रीय मंत्रालय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण ने कहा कि 79 लाख से अधिक वैक्सीन खुराक अभी भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं। इसके अलावा लगभग अगले तीन दिनों में 17 लाख अतिरिक्त खुराक उन तक पहुंच जाएगी।मंत्रालय ने कहा कि अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लगभग 16.37 करोड़ वैक्सीन की खुराक प्रदान की गई हैं और शनिवार सुबह 8 बजे तक कुल खपत 15,58,48382 खुराक हुई है। मंत्रालय ने कहा, 79,13,518 कोविड वैक्सीन की खुराक अभी भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास उपलब्ध है जबकि 17,31,110 अतिरिक्त वैक्सीन खुराक अगले तीन दिनों के भीतर उन्हें मिल जाएगी। इस बीच, मई के पहले पखवाड़े के लिए केंद्र सरकार ने राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को अपने चैनल के माध्यम से कोविशिल्ड और कोवैक्सीन के टीके का आवंटन किया।गौरतलब है कि भारत में वैश्विक महामारी कोरोना का तेज प्रसार थमने का नाम नहीं ले रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के चार लाख 1993 मामले सामने आये जो विश्व भर में सबसे अधिक हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। पिछले 24 घंटों के दौरान तीन हजार 523 लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जिसके साथ इस संक्रमण से मरने वालों की संखया दो लाख 11 हजार 853 हो गई। राहत की बात है कि अबतक एक करोड़ 56 लाख 80 हजार मरीजों ने कोरोना को मात दी है। विशेषज्ञों के आकलन के अनुसार, भारत के कोरोनो वायरस मामले अगले सप्ताह तीन से पांच मई के बीच चरम पर हो सकते हैं। संक्रमण पर नजर रखने के लिए गठित विज्ञानियों के समूह के प्रमुख एम विद्यासागर के अनुसार, हमारा अनुमान है कि अगले सप्ताह तक देश भर में रोज बढ़े हुए कोरोना के मामले सामने आयेंगे। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ( आईसीएमआर ) के डेटा के अनुसार 30 अप्रैल तक 28,83,37,385 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 19,45,299 नमूनों का कल परीक्षण किया गया था। सोलह जनवरी, 2021 के बाद से, देश भर में कुल 15,49,89,635 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 27,44,485 लोगों को यह खुराक दी गई। अठारह से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण का तीसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। इस बीच दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बंगाल, केरल, राजस्थान और मध्य प्रदेश ने कहा है कि उनके पास टीके की पर्याप्त खुराक नहीं है।केन्द्र ने उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्यों के पास एक करोड़ की खुराक उपलब्ध है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3uc3NNs
कोई टिप्पणी नहीं