रेलवे के बाद इंडियन नेवी कोरोना के खिलाफ जंग में उतरी, शुरु किया ऐसा बड़ा मिशन

भारतीय रेलवे के बाद देश में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए भारतीय नौसेना आगे आई है। इंडियन नेवी ने कोविड-19 के मामलों में तेजी के चलते ऑक्सीजन की जरूरत को पूरा करने के लिए चल रहे राष्ट्रीय मिशन को आगे बढ़ाने हुए ऑपरेशन समुद्र सेतु- 2 लॉन्च किया है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने ट्वीट के जरिए कहा है कि मिशन में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत लिक्विड ऑक्सीजन से भरे क्रायोजेनिक कंटेनरों और अन्य मेडिकल उपकरणों के शिपमेंट का काम करेंगे। भारतीय नौसेना ने पहले से चल रहे राष्ट्रीय मिशन को तेजी देने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु- 2 शुरू किया है। आईएनएस कोलकाता और आईएनएस तलवार ने 40 मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन मुंबई लाने के लिए बहरीन के मनामा के पोर्ट पर एंट्री की है। वहीं इसी तरह के मिशन के लिए आईएनएस जलाश्व बैंकॉक और आईएनएस अरिहंत सिंगापुर के लिए के रास्ते में हैं।पिछले साल भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन समुद्र सेतु चलाया था। जिसमें वंदे भारत मिशन की तरह ही मालदीव, श्रीलंका और ईरान में फंसे हुए भारतीय नागरिकों को देश वापस लाया गया था। इसके अलावा नेवी की 27 सदस्यीय मेडिकल टीम 29 अप्रेल को अहमदाबाद में कोरोना के मुश्किल दौर में लोगों की मदद के लिए लगाई गई है। बता दें कि सांसों की जद्दोजहद के बीच पूरा देश एकजुट होकर मदद की कोशिशों में लगा है। कोरोना संक्रमण के उछाल के बाद देश के कई राज्यों के अस्पताल ऑक्सीजन की कमी झेल रहे हैं। ऐसे में भारतीय रेलवे देश के अलग-अलग हिस्सों में ऑक्सीजन के रूप में सांसें पहुंचाने का काम कर रहा है। रेलवे ने इसके लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई है, जो अब तक कई राज्यों में ऑक्सीजन पहुंचा चुकी है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3gSlk9K
कोई टिप्पणी नहीं