West bangal Election: CISF की गोली से मारे गए थे चार लोग, अब हाईकोर्ट ने कही ऐसी बड़ी बात

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को पांच मई तक शीतलकुची मामले से संबंधित मामले की जांच रिपोर्ट से अवगत कराने का शुक्रवार को आदेश दिया। राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के दौरान 10 अप्रैल को कूचबिहार जिले के शीतलकुची में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की ओर से की गयी फायरिंग में चार लोग मारे गये थे। सीआईडी ने शुक्रवार को शीतलकुची घटना की जांच शुरू की। न्यायमूर्ति टी बी एन राधाकृष्ण और न्यायमूर्ति अरिजीत बैनर्जी की युगल पीठ ने कहा, सीआईडी को पांच मई तक इस घटना की जांच की प्रगति पर अदालत के समक्ष एक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए। अदालत की ओर से यह भी कहा गया कि अलग-अलग याचिकाओं को लेकर सोमवार को दो वकील आयेंगे। याचिकाकर्ता की ओर से इस घटना की किसी मौजूदा न्यायमूर्ति से जांच कराने की भी मांग की गयी है। सर्वश्री रविशंकर चट्टोपाध्याय और फिरदौस शमीम की ओर से दायर याचिकाओं में गोलीबारी को जघन्य अपराध बताया गया है। उन्होंने उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश से गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि न्यायाधीश इस मामले के जिम्मेदार लोगों की पहचान करेंगे और चुनाव आयोग के जरिये जिम्मेदार लोगोंं को राज्य के बाकी चार चरणों के विधानसभा चुनावों में ड्यूटी प्रदान करने से रोकने का प्रयास भी करेगा। दोनों ने गोलीबारी में मारे गए चार लोगों के निकटतम परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की। तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखा है कि शीतलकुची के मतदान केंद्र संख्या 126 के सामने सीआईएसएफ कर्मियों ने बेवजह गोलियां चलायीं। इसलिए गोलियां चलाने वाले सीआईएसएफ कर्मियों पर कार्रवाई की जाय। तृणमूल ने यह भी दावा किया कि सीआईएसएफ की गोलीबारी में मारे गए सभी चार लोग टीएमसी समर्थक थे। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया कि उपद्रवियों ने सबसे पहले केंद्रीय बलों पर हमला किया था, जिसके कारण उन्हें खुद को बचाने के लिए फायरिंग करनी पड़ी। इस बीच चुनाव आयोग ने मतदान केंद्र संख्या 126 पर फिर से मतदान कराने की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने (सुश्री बनर्जी ने) केंद्रीय बलों के खिलाफ मतदाताओं को उकसाया था और बदले में शीतलकुची में गोलीबारी की घटना और उसके बाद चार लोगों की मौत हो गई है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3smQmJ6
कोई टिप्पणी नहीं