महाराष्ट्र में ठाकरे सरकार ने लगाई सख्त पाबंदियां, सरकारी कार्यालयों में आ सकेंगे सिर्फ 15 फीसदी कर्मचारी

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की रफ्तार को देखते हुए ठाकरे सरकार ने सख्त पाबंदियां लगा दी हैं। महाराष्ट्र में कल रात 8 बजे से एक मई सुबह 7 बजे तक कड़ी पाबंदी जारी रहेगी। कोरोना केस बढ़ने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने ये कदम उठाया है। इस दौरान मुंबई मेट्रो और मुंबई लोकल में भी षर्तों के साथ एंट्री हो सकेगी। वहीं मुंबई लोकल और मेट्रो में इमरजेंसी सेवा से जुड़े लोगों को पास दिखाना होगा और सभी सरकारी दफ्तरों में केवल 15 फीसदी कर्मचारी आ सकेंगे। वहीं शादी समारोह में 2 घंटे तक केवल 25 लोगों को इजाजत मिलेगी और बसों से महाराष्ट्र आने वालों को 14 दिन क्वॉरंटीन रहना होगा। इस दौरान इंटर स्टेट ट्रैवलिंग की इजाजत सिर्फ बेहद जरूरी कामों के लिए दी जाएगी। अगर किसी ट्रांसपोर्टर ने उल्लंघन किया तो उस पर 10 हजार फाइन या लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। अब बिना वैलिड कारण के एक जिले से दूसरे जिले में यात्रा करने पर कार्रवाई होगी। यात्रा करने के लिए लोकल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी से अनुमति लेना होगा। लोकल ट्रेन से यात्रा करने के लिए भी अति आवश्यक जरूरत बताना होगा। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस संक्रमण के 67,468 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 40,27,827 हो गई। इसके अलावा 568 रोगियों की मौत हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में 18 अप्रैल को एक दिन में संक्रमण के सबसे अधिक 68,631 मामले सामने आए थे। अधिकारी ने कहा कि 568 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 61,911 हो गई है। उन्होंने कहा कि दिनभर में 54,985 लोगों के छुट्टी मिलने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 32,68,449 हो गई है। अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 6,95,747 है। मुंबई में संक्रमण के 7,654 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,01,713 हो गई है। इसके अलावा 62 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 12,508 तक पहुंच गई है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/32FY7z6
कोई टिप्पणी नहीं