फडणवीस ने ठाकरे पर लगाया बड़ा आरोप, कहाः महाराष्ट्र सरकार अब महावसूली सरकार बनी

उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास विस्फोटक से भरी गाड़ी मिलने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। मामले को लेकर महाराष्ट्र में सियासत तेज हो गई है। आज मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की चिट्ठी पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। वहीं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज सुबह राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने राजभवन पहुंचा। इस दौरान भाजपा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।राज्यपाल से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्यपाल को सीएम उद्धव ठाकरे से सवाल पूछने चाहिए कि अनिल देशमुख पर लगे वसूली के आरोपों, सचिव वाजे और इनसे संबंधित पूरे मामले पर क्या कार्रवाई की गई है। सीएम उद्धव की चुप्पी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि वसूली रैकेट पर कांग्रेस भी चुप है, क्योंकि उसे उसका हिस्सा मिलेगा। महाराष्ट्र सरकार अब महावसूली सरकार बन गई है। वहीं महाराष्ट्र में आज मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है। जानकारी के अनुसार, मुंबई के मालाबार हिल्स पर स्थित सहयाद्री गेस्ट हाउस में यह बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से लेकर मंत्रिमंडल के अधिकांश सदस्यों के मौजूद रहने की संभावना है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3u2zjxh
कोई टिप्पणी नहीं