Breaking News

इसे कहते हैं किस्मतः महिला ने 164 रुपए में खरीदा सीप, उसमें से निकला 50 लाख का मोती


थाईलैंड की एक महिला की किस्मत रातों-रात बदल गई। कोडचाकॉर्न नाम की महिला ने बाजार से सामान्य सा दिखने वाला सीप 164 रुपए में खरीदा, लेकिन उस सीप ने उसे लखपति बना दिया। दरअसल, उस सीप में दुर्लभ पाए जाने वाला नारंगी रंग का मोती था, जिसकी कीमत करीब पचास लाख रुपए बताई जा रही है। महिला को दुर्लभ मोती मिलने की खबर अब चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक थाईलैंड में सी-फूड का काफी प्रचलन है। यह महिला भी सी-फूड खरीदने बाजार गई। बाजार से 70 भाट यानी करीब 164 भारतीय रुपए की कीमत में समुद्री सीप खरीदा।घर लौटने के बाद महिला रात के खाने की तैयारी करने लगी। उसने समुद्री सीपियों को काटना शुरू किया। इसी दौरान एक खोल के अंदर से उसे नारंगी रंग की गोल चीज मिली। शुरुआत में वह मोती को नहीं पहचान पाई। उसने उसे एक पत्थर समझा। उसे अपने पास रख लिया, जैसे ही उसे पता चला कि नारंगी रंग का पत्थर कोई आम वस्तु नहीं एक मोती है तो वह बहुत खुश हुई।मोती का वजन 6 ग्राम और व्यास करीब 2.5 सेंटीमीटर का है। महिला ने मोती मिलने के कई दिनों तक इसके बारे में किसी को नहीं बताया। महिला और उसके परिवार वालों ने जानकारी महज इसलिए छिपाई कि किसी को पता लग गया तो उनसे मोती छीना जा सकता है। आखिरकार महिला ने अपनी मां के इलाज के लिए मोती बेचने का प्रयास किया। बस इसके बाद तो खबर आग की तरह फैल गई। जिसने भी सुना वो दंग रह गया।महिला ने बताया कि उसने इस मोती को अपनी मां को दिखाया। सबसे पहले उसकी मां ने उसे बताया कि यह आम पत्थर नहीं बल्कि एक दुर्लभ मेलो मोती’ है। यह बहुत ही मूल्यवान है। इसके बाद उसके पिता को इस बारे बताया। महिला की मां कैंसर की मरीज है। उनके उपचार के लिए परिवार को पैसे की सख्त जरूरत है। ऐसे में उन्होंने मोती को बेचने का फैसला किया, जिससे वे उपचार से जुड़े खर्च पूरा कर सकें।महिला कोटचाकॉर्न ने कहा कि मोती हमारे पास है, हमें पता है कि इसकी कीमत लाखों में है। अब हमें इसे खरीदने वाले का इंतजार है। हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। हम जल्द से जल्द ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं, जो हमें मोती का सही मूल्य दे सके। हमने कई बार कहानियों में ऐसे व्यक्तियों के बारे में सुना है जो इस तरह के मोती की तलाश में रहते हैं। हमारा परिवार उम्मीद कर रहा है कि जल्द से जल्द हमें मोती का खरीदार मिल सकेगा। महिला को जो मोती मिला है, उसे मेलो मोती’ कहते हैं, यह नारंगी और भूरे रंग के होते हैं। इनकी बाजार में बहुत अधिक कीमत होती है। ये मोती जिस सीप में मिलते हैं, उसे वुल्तिदे के नाम से जाना जाता है। ये आमतौर पर म्यांमार से लेकर दक्षिण चीन सागर और अंडमान में पाया जाता है। कुछ इसी तरह का एक मोती पिछले साल एक मछुआरे ने पाया था। उसने 99 रुपए में एक सीप लिया, जिसमें 70 लाख का मोती निकला था।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3ct5obe

कोई टिप्पणी नहीं