Breaking News

आज पूरे देश में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने किया सबसे बड़ा ऐलान


आज से पूरे देश में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 116 जिलों में 259 जगहों पर आज कोविड-19 वैक्सीन के लिए ड्राई रन हो रहा है। दिल्ली और राजस्थान सहित गुजरात, असम, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में ड्राय रन चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन का कहना है कि पूरे देश में कोरोना वैक्सीन फ्री मिलेगी।जीटीबी अस्पताल का दौरा करने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो अफवाहों पर ध्यान ना दें। वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावकारिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। पोलियो प्रतिरक्षण के समय पर कई तरह की अफवाहें फैलाई गई थीं लेकिन लोगों ने वैक्सीन ली और आज भारत पोलियो मुक्त बन चुका है।हालांकि ड्राई रन में वैक्सीन नहीं लगाया जाएगा। हर केन्द्र पर 25—25 लोगों पर यह रन हो रहा है। वैक्सीन लगाने से पहले की पूरी तैयारी कर एक तरह से मॉक ड्रिल किया जाएगा। गौरतलब है कि केन्द्र ने सभी राज्यों की राजधानियों में ड्राय रन निर्धारित किया है। इस ड्रिल का उद्देश्य कोल्ड चेन प्रबंधन, वैक्सीन की आपूर्ति, स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स के अलावा पूरी मशीनरी की तैयारियों को परखना है।दिल्ली के जीटीबी अस्पताल की वैक्सीनेशन अधिकारी का कहना है कि वैक्सीन लगाने से पहले लाभार्थी को इससे संबंधित सभी सूचनाएं दी जा रही हैं। अगर कोई व्यक्ति वैक्सीन लगने के बाद गंभीर रिएक्शन दिखाते हैं तो उन्हें अस्पताल के सामान्य वार्ड में भर्ती कर दिया जाएगा। सभी लाभार्थियों को कोविन के जरिए रजिस्टर्ड किया गया है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2X2t8ur

कोई टिप्पणी नहीं