पहले चरण में 3 करोड़ लोगों को निशुल्क लगेगी कोरोना की वैक्सीन, मोदी के मंत्री का बड़ा बयान

कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण अभियान के पहले चरण में देशभर में तीन करोड़ लोगों को निशुल्क टीका लगाया जायेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि पहले चरण के दौरान पूरे देश में एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे पर डटे दो करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका निशुल्क लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आगामी जुलाई तक शेष 27 करोड़ लाभार्थियों को कैसे टीका लगाया जायेगा, इसके बारे में अभी अंतिम निर्णय करना बाकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि लोग टीके के बारे में किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। वर्धन ने यहां एक सरकारी अस्पताल में ड्राई रन की समीक्षा के बाद संवाददाताओं से कहा, मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे किसी भी अफवाहों पर विश्वास न करें। टीका परीक्षण में हमारा मुख्य मापदंड सुरक्षा और प्रभावकारिता है, इससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दिल्ली में, मॉक-ड्राइव का संचालन तीन स्थानों पर किया जा रहा है - शाहदरा में सरकार द्वारा संचालित गुरु तेग बहादुर अस्पताल, दरियागंज में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, और द्वारका में निजी वेंकटेश्वर अस्पताल।केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया कि पोलियो प्रतिरक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की अफवाहें भी फैली थीं, लेकिन लोगों ने वैक्सीन ले लिया और अब भारत पोलियो मुक्त है। कोरोनोवायरस वैक्सीन जल्द ही आने वाली है। ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनाका वैक्सीन की सिफारिश को विशेषज्ञ पैनल ने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया को मंजूरी के लिए भेजा है। वर्धन ने आश्वासन दिया कि ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया जल्द ही आवेदनों पर अपनी सिफारिश देगा। कोल्ड चेन प्रबंधन सहित वैक्सीन आपूर्ति, भंडारण और रसद के प्रबंधन के लिए प्रशासन को तैयार करने के लिए शनिवार को 259 जगहोंं पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक मेगा-ड्रिल आयोजित की जा रही है। प्रत्येक मॉक ड्रिल में एक प्रतीक्षा क्षेत्र, अवलोकन कक्ष और टीकाकरण कक्ष होगा।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2KT8uKS
कोई टिप्पणी नहीं