महाराष्ट्र में 10 मासूम बच्चों की हुई तड़प-तड़प कर मौत, पीएम मोदी ने कही ऐसी बात

घर में नन्हे मेहमान आने से खुश परिवारों की खुशियां अस्पताल की लापरवाही ने छीन ली। सोते हुए सिस्टम ने महाराष्ट्र के भंडारा के घर परिवारों को ऐसा दर्द दिया, जो वे जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे। भंडारा में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। रात दो बजे भंडारा के जिला अस्पताल के बीमार नवजात देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में आग लगने से 10 बच्चों की झुलसने से मौत हो गई। यूनिट से सात नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस वार्ड में एक दिन से लेकर तीन माह तक के बच्चे भर्ती थे। वार्ड से धुआं निकलते देख अस्पताल में मौजूद नर्स ने सभी को सूचना दी, जब तक वे वार्ड में पहुंचे तब तक 10 बच्चे झुलस चुके थे। इस वार्ड में उन्हीं बच्चों को रखा जाता है जिनकी हालत काफी नाजुक होती है और जन्म के समय जिनका वजन बहुत कम होता है।वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के भंडारा जिला अस्पताल में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत हो जाने पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मोदी ने शनिवार को इस दिल दहला देने वाले हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, महाराष्ट्र के भंडारा में दिल दहला देने वाला हादसा, जहां हमने अनमोल मासूमों को खो दिया। मेरी सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हमदर्दी है। मैं घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।उधर, बच्चों की मौत की खबर सुन उनके परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि अस्पताल की एक लापरवाही ने इन बच्चों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने वार्ड का दरवाजा खोला तो अंदर धुआं ही धुआं था। उसने तुरंत अधिकारियों को इस बारे में बताया। ऐसे में साफ है रात के समय वार्ड में अस्पताल का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां पहुंचीं और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक 10 मासूमों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। आग लगने की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।बच्चों की मौत के मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दुख जताया है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे, जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक से इस हादसे को लेकर बातचीत की। साथ ही, मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने भी इस हादसे पर दुख जाहिर किया। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का एलान किया। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा महाराष्ट्र के भंडारा जिला अस्पताल में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। जिन बच्चों की इस हादसे में जान गई उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदना।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3s62Khz
कोई टिप्पणी नहीं