Breaking News

चिराग पासवान के सवाल पर कन्नी काट गए नीतीश, भाजपा को लेकर कही ऐसी बड़ी बात


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा और सीट बंटवारे को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के लगातार जारी बयानों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए आज कहा कि सीटों के तालमेल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोजपा से बात हो रही है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमार ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चिराग पासवान के बयानों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, कौन क्या बोलता है मैं उस पर जवाब नहीं दूंगा। रामविलास पासवान की तबियत खराब है। उनके साथ हमारा अच्छा संबंध रहा है। वह उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं । रही बात सीट बंटवारे की तो इस मुद्दे पर भाजपा की उनसे (लोजपा) बात हो रही है।कुमार ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में जदयू और भाजपा ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। भाजपा के उस समय के दो सहयोगी उनका साथ छोड़कर चले गए थे। उनमें से एक तो वापस आ गए। उन्होंने कहा कि भाजपा के कहने पर ही हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही अपने पुराने सहयोगियों से बात कर रही है । मुख्यमंत्री ने कहा, हम काम में विश्वास रखते हैं। कौन क्या कहता है उसकी चिंता नहीं करते हैं। सहयोगी हों या विरोधी हमने उनके लिए कभी भी अपशब्द का इस्तेमाल नहीं किया। कुछ लोगों की आदत है बोलने की वह बोलें मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। अभी तक लोगों ने हमारा काम देखा है। हम किसी से नहीं उलझते हैं। हम जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हैं। हम बराबर कहते रहे हैं कि हमारा काम सेवा करना है। सेवा करना ही मेरा धर्म है। जनता ने मौका दिया तो फिर सेवा करेंगे। कुमार ने एक बार फिर पूरे बिहार को अपना परिवार बताया और बिना किसी का नाम लिए कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों के लिए पत्नी, बेटा और बेटी ही परिवार है। उन्होंने कहा कि उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं है और न ही वह निजी हित के लिए काम करते हैं। वह लोगों के हित में काम करते हैं और उनकी कोई व्यक्तिगत ख्वाहिश नहीं है। उन्होंने बिना नाम लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर हमला बोला और कहा, 15 साल उनकी सरकार ने क्या किया और हमारी सरकार ने 15 साल में क्या किया वह मैंने सात सितंबर को ही आंकड़ों के साथ प्रदेश की जनता को बता दिया है। अब जनता मालिक है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि जो रोजगार की बात करते हैं वह आंकड़े देखे कि उनकी सरकार ने क्या किया है। उन्होंने लॉकडाउन में बिहार आए मजदूरों से चुनाव में होने वाले लाभ या नुकसान के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इस संकट के समय में उनकी सरकार ने केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है, नफा-नुकसान की परवाह नहीं की।नीतीश ने कहा कि कोरोना काल में बाहर फंसे लोगों को लाने में तत्परता के साथ काम किया, उनके भोजन की व्यवस्था की। सभी का ईमानदारी से ख्याल रखा। प्रखंड स्तर पर बने क्वारंटाइन केंद्रों में आवासित प्रत्येक व्यक्ति पर 5300 रुपये खर्च किए गए हैं। कुमार ने चुनाव आयोग के कोरोना काल में मतदान के दिशा-निर्देश पर कहा कि आयोग ने चुनाव के संबंध में जो भी दिशा-निर्देश है उसका पालन किया जाएगा। उन्होंने इस विषम परिस्थिति में हो रहे चुनाव में मत प्रतिशत को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मत प्रतिशत पर कोई ज्यादा असर पड़ेगा। उनकी पार्टी जनसंपर्क और डिजिटल माध्यम से चुनाव प्रचार करेगी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2GeDUsA

कोई टिप्पणी नहीं