Breaking News

भारत में कोरोना से होने वाली मौतों को लेकर सामने आई एक राहत भरी जानकारी, जानिए कैसे


विश्व में कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से होने वाली मौतों का औसत आंकड़ा इस समय 3.3 प्रतिशत है, लेकिन भारत में यह दर बहुत ही कम 1.76 प्रतिशत है और इसका श्रेय केन्द्र सरकार की कोरोना से निपटने की ‘ट्रैक, टेस्ट और ट्रीट’ की रणनीति को जाता है। इसके तहत कोरोना के मरीजों का जल्द से जल्द पता लगाकर उनकी जांच और उपचार करना शामिल है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया कि विश्व में प्रति 10 लाख की आबादी में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 110 है, लेकिन भारत में यह दर 48 मृत्यु प्रति 10 लाख है और ब्राजील तथा ब्रिटेन में यह दर भारत के मुकाबले 12 और 13 गुना अधिक है। गौरतलब है कि भारत में कोरोनावायरस मामलों का तेज रफ्तार से बढऩा जारी है। पिछले 24 घंटे में 78,357 नए मामले आए हैं, जिससे देश में इस बीमारी के कुल मामलों की संख्या बढकऱ 37,69,523 हो गई है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से इसका खुलासा हुआ है। देश में 1,045 नई मौतों के साथ अब तक कुल 66,333 मरीज कोरोना के कारण जान गंवा चुके हैं।कुल कन्फर्म मामलों में से 8,01,282 सक्रिय मामले हैं, जबकि वायरस से अब तक कुल 29,01,908 ठीक हुए हैं। एक दिन में 60,868 लोगों के ठीक होने के साथ, रिकवरी रेट 76.98 प्रतिशत है जबकि मृत्युदर 1.76 प्रतिशत है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश--इन पांच राज्यों में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक मामले सामने आए। महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना के 15,765 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में कुल मामले बढकऱ 8,08,306 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना संक्रमण के फैलाव के आधार पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया है। 11 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पहली श्रेणी में आते हैं, जहां कुल कोरोना मामले 10,000 तक हैं। पहाड़ी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इस श्रेणी में आते हैं। जैसे- चंडीगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश।दूसरी श्रेणी में वे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं, जहां कोविड-19 की संख्या 10,000 और 90,000 के बीच है। गोवा, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और केरल सहित 12 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इस श्रेणी में आते हैं। तीसरी श्रेणी उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की है, जहां मामले 90,000 से अधिक हैं। 12 बड़े राज्य और केंद्र शासित प्रदेश इस श्रेणी में शामिल हैं, जिनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत में कोरोनावायरस के कुल मामलों में 54 प्रतिशत संक्रमित 18 से 44 वर्ष के बीच के हैं, जबकि 60 वर्ष और इससे अधिक उम्र के 51 प्रतिशत मरीजों की मौत हुई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत ने मंगलवार को एक ही दिन में 10,12,367 परीक्षण किए, जिससे अब तक परीक्षण किए गए नमूनों की कुल संख्या 4,43,37,201 हो गई।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/31O0lgi

कोई टिप्पणी नहीं