मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, होगी भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न वायु दाब का क्षेत्र बनने के बाद 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोट्टयम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मालापुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।कुंडला, कल्लारकुट्टी, मलंकारा और पोनमुडी बांध के फाटक खोल दिए गए हैं जिससे पेरियार, मुतीरापुझा और मुवाट्टुपुझा नदियों में जलस्तर बढ़ गया है।मौसम बुलेटिन में बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्व और पड़ोस में हवा का निम्न दबाव का क्षेत्र बना है और यह अगले दो-तीन दिन में पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा। पिछले 24 घंटे में केरल में औसत सात सेंटीमीटर बारिश हुई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की तीन इकाइयां केरल पहुंच गईं और इन्हें वायनाड, मालापुरम और त्रिशूर जिले में तैनात किया गया है। इडुक्की और कोझिकोड जिले में पहले ही दो टीमें तैनात हैं। इसके अलावा झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, गुजरात क्षेत्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुदुचेरी और कराईकल पर अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।बता दें कि केरल में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों को मौत हो गई है। सोमवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने सोमवार को बताया कि कासरगोड जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर पानी से भरे गड्ढों में गिरने से 37 और 50 वर्ष के दो व्यक्ति डूब गए। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया, रविवार को तिरुवनंतपुरम में एक व्यक्ति की मौत हुई। भारी बारिश और तेज हवा की वजह से टूटे कर जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2RM1akb
कोई टिप्पणी नहीं