Breaking News

अब केंद्र सरकार ने बदल दिए हैं कोरोना के आंकड़े, जानिए कैसे


देश में कोरोना से स्वस्थ होने वालों की लगातार बढ़ रही संख्या के बावजूद पिछले 24 घंटे में मरीजों की संख्या 11,874 बढ़ गयी है तथा 654 लोगों की मौत हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में इस दौरान 35,175 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं, जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 9,52,743 हो गयी है। इसी अवधि में संक्रमण के नये मामलों की संख्या अधिक होने के कारण सक्रिय मामलों में 11,874 की वृद्धि हुई जिससे इनकी संख्या 4,96,988 हो गयी। मृतकों की संख्या 33,425 हो गयी है। मंत्रालय ने आज अपनी वेबसाइट में बदलाव करते हुए कुल संक्रमितों का आंकड़ा नहीं दिया है। उसमें केवल सक्रिय मामले, संक्रमणमुक्त हुए लोग और मृतकों का आंकड़ा दिया गया है। देश में कोरोना की महामारी से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान स्वस्थ होने वालों की संख्या में वृद्धि के कारण सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट आयी है। इस दौरान 8,706 लोग संक्रमणमुक्त हुए, जिससे स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढकऱ 2,21,944 हो गयी। इससे सक्रिय मामले घटकर 1,47,896 रह गये तथा 227 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 13,883 हो गया। देश में अब भी सर्वाधिक सक्रिय मामले इसी राज्य में हैं। तमिलनाडु में इस दौरान सक्रिय मामले 1,193 बढकऱ 54,896 हो गये तथा 77 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3571 हो गयी। इस अवधि में 5,723 लोगों के संक्रमणमुक्त होने से स्वस्थ हुए लोगों का आंकड़ा 1,62,249 हो गया।दक्षिणी राज्य कर्नाटक में पिछले 24 घंटों के दौरान मरीजों की संख्या 3,402 बढ़ी है और यहां अब 61,827 सक्रिय मामले हैं तथा मरने वालों का आंकड़ा 75 बढकऱ 1953 पर पहुंच गया है। राज्य में कुल 37,685 लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में 51,701 सक्रिय मामले हैं और 1090 लोगों की मौत हुई है। यहां 49,558 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में 26,204 सक्रिय मामले हैं तथा इस महामारी से 1,456 लोगों की मौत हुई है जबकि 42,833 मरीज ठीक हुए हैं। देश का पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल संक्रमण के मामले में छठे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में कोरोना वायरस के 19,502 सक्रिय मामले हैं तथा 1,411 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 39,917 लोग स्वस्थ हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में कोरोना के 13,753 सक्रिय मामले हैं और 480 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 42,909 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं। मरीजों के बढ़ते मामले में इसके बाद बिहार का स्थान है और वहां सक्रिय मामले 13,461 हो गये हैं तथा 253 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 27,530 लोग संक्रमणमुक्त भी हुए हैं। गुजरात में सक्रिय मामले 13,146 हो गये हैं तथा 2,348 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 41,380 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ गयी है और यहां मरीजों की संख्या दिन ब दिन घट रही है। राजधानी में सक्रिय मामले घटकर 10,994 रह गये हैं। संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 3,853 हो गयी है तथा अब तक 1,16,372 मरीज रोगमुक्त हुए हैं। कोरोना महामारी से अब तक मध्य प्रदेश में 820, जम्मू-कश्मीर में 321, पंजाब में 318, ओडिशा में 147, झारखंड में 89, असम में 86, उत्तराखंड में 66, केरल में 63, छत्तीसगढ़ में 44, पुड्डुचेरी में 43, गोवा में 36 , त्रिपुरा में 17, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में 14 , मेघालय और नागालैंड में पांच, लद्दाख में चार , अरुणाचल प्रदेश तीन तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3jLzQ27

कोई टिप्पणी नहीं