Breaking News

भारत में कोरोना से होने वाली मौतों को लेकर आई राहत भरी खबर


कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण के कारण देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान 708 लोगों की मौत होने के बीच देश में कोरोना मृत्यु दर घटकर 2.28 प्रतिशत हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को कोरोना मृत्यु दर 2.41 प्रतिशत, शुक्रवार को कोरोना मृत्यु दर 2.38 प्रतिशत, शनिवार को 2.35 प्रतिशत और रविवार को 2.31 प्रतिशत थी जो आज घटकर 2.28 प्रतिशत रह गयी है। अब तक पूरे देश में 32,771 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण के कारण अब तक सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं, जहां 13,656 व्यक्ति इसके कारण दम तोड़ चुके हैं। इसके बाद दिल्ली में 3,827, तमिलनाडु में 3,494, गुजरात में 2,326, कर्नाटक में 1,878, उत्तर प्रदेश में 1,426 , पश्चिम बंगाल में 1,372, आंध्र प्रदेश में 1041, मध्य प्रदेश में 811,राजस्थान में 621, तेलंगाना में 463, हरियाणा में 392, जम्मू कश्मीर में 312 और पंजाब में 306 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर और अंडमान-निकोबार में एक भी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई है। वहीं देशभर में पिछले 24 घंटे में 31,991 व्यक्ति कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त हुए हैं, जिससे देश में कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 64 प्रतिशत हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज कहा कि कोरोना संक्रमण के व्यापक प्रसार से पहले संक्रमितों की पहचान के लिए जांच की गति तेज करने की दिशा में केंद्र और राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेशों के प्रयास तथा संक्रमित को आइसोलेशन में रखने तथा अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों के प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन की रणनीति के कारण देश में कोरोना संक्रमण को मात देने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 9,17,567 हो गयी है। यह लगातार चौथा दिन है,जब कोरोना मुक्त मरीजों की संख्या 30 हजार के पार है। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में फिलहाल संक्रमण के 4,85,114 सक्रिय मामले हैं। कोरोना संक्रमण के सक्रियों मामलों तथा कोरोना मुक्त व्यक्तियों की संख्या का फासला बढकऱ 4,32,453 हो गया है। देशभर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 49,931 नये मामलों की पुष्टि हुई जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढकऱ 14,35,453 हो गयी है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/334z7Dr

कोई टिप्पणी नहीं