Breaking News

चीन ने ब्रिटेन से कहा- भारत और चीन के बीच सीमा विवाद एक द्विपक्षीय मुद्दा, बीच में ना पड़ो


अमेरिका के बाद अब ब्रिटेन के साथ भी चीन की तनातनी बढ़ती जा रही है। चीनी राजदूत सन वेईदोंग ने कहा कि चीन पर ब्रिटिश उच्चायुक्त फिलिप बार्टन का बयान फर्जी आरोपों से युक्त है। आपको बता दें कि भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त ने गुरुवार को लद्दाख में चीन की गतिविधि को चिंताजनक करार दिया तो चीन को यह सहन नहीं हुआ। चीनने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भारत में चीनी राजदूत वेईदोंग ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा विवाद एक द्विपक्षीय मुद्दा है और दोनों देशों के पास अपने मतभेद सुलझाने के लिए पर्याप्त सूझबूझ और क्षमता है। वेईदोंग ने कहा कि भारत-चीन के विवाद में किसी तीसरे पक्ष को दखल देने की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि ब्रिटिश उच्चायुक्त फिलिप बार्टन ने गुरुवार को भारत-चीन के बीच तनाव कम करने की कोशिशों का स्वागत किया था। ब्रिटेन और चीन दोनों एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयान जारी कर रहे हैं। दक्षिण चीन सागर और हॉन्ग कॉन्ग को लेकर ब्रिटेन की टिप्पणी पर चीनी राजदूत ने अमेरिका की तरफ इशारा करते हुए कहा, दक्षिण चीन सागर में असली चुनौतियां क्षेत्र के बाहर से आ रही हैं। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने बीजिंग पर शिनजियांग प्रांत में वीगर मुसलमानों के खिलाफ गंभीर रूप से मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाया था। जवाब में, ब्रिटेन के चीनी राजदूत ने कहा कि अगर ब्रिटेन कथित मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर उसके अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाता है तो वह भी इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39szmZP

कोई टिप्पणी नहीं