सात मरीज फिर मिले, कुल संख्या हुई 537
खंडवा.
कोरोना संक्रमण के मरीजों के मिलने के सिलसिला जुलाई माह के 20वें दिन भी जारी रहा। हालांकि पिछले 11 दिन से दहाई की संख्या में आ रहे मरीजों की संख्या में सोमवार को कमी आई और सात नए मरीज मिले। जिसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 537 हो गई। सोमवार को मिले सात मरीज में से चार हाई रिस्क कांटेक्ट ट्रेसिंग के सैंपल से और तीन मरीज ओपीडी में लिए गए सैंपल से मिले है।
जिला महामारी अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर को जिला अस्पताल की ट्रू नाट मशीन से तीन मरीज मिले है। जिसमें अनाज मंडी दादाजी वार्ड निवासी 47 वर्षीय पुरुष, रघुनाथपुरम कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय और इकबाल कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय पुरुष शामिल है। ट्रू नाट से 25 रिपोर्ट निगेटिव भी आई है। वहीं, शाम को मेडिकल कॉलेज लैब से आई रिपोर्ट में चार मरीज पॉजिटिव पाए गए है। इसमें ग्राम रूस्तमपुर, ग्राम आरूद, खंडवा में घासपुरा मस्जिद के पास और शनि मंदिर के पास एक-एक मरीज मिला है। ये चारों मरीज हाई रिस्क कांटेक्ट ट्रेसिंग वाले मरीज है।
जिले में नए कोरोना मरीजों के मिलने पर उनके निवास के आसपास के तीन क्षेत्रों को कंटेंमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। वहीं, संक्रमण वाले क्षेत्रों में मरीजों के संक्रमण मुक्त होने पर पांच कंटेंमेंट क्षेत्र डिनोटिफाई भी हुए है। अपर जिला दंडाधिकारी नंदा भलावे कुशरे ने 3 कोरोना संक्रमित मरीजों के घरों के आसपास के क्षेत्र को कंटेंमेंट क्षेत्र घोषित किया है। नए कंटेंमेंट क्षेत्र में गोपाल मिडवे और फार्म हाउस मोरटक्का, गणेश मंदिर के पास शास्त्री नगर एवं पुरानी स्टेट बैंक के पीछे छनेरा शामिल है। इन क्षेत्रों के इंसीडेंट कमांडर के रूप में संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को दायित्व सौंपा गया है। इनके साथ संबंधित क्षेत्र के तहसीलदारों की भी ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, पांच क्षेत्र डिनोटिफाई भी हुए है। जिसमें मोरधड़ी एनवीडीए कॉलोनी, हनुमान गली पड़ावा खंडवा, पॉलीटेक्निक परिसर खंडवा, गली नंबर 1 छोटा अवार, भवानी माता रोड के कंटेंमेंट क्षेत्र शामिल है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2DW0HIg
कोई टिप्पणी नहीं