Breaking News

गैस रिसाव, आरआर वेंकटपुरा इलाके में हृदयविदारक दृश्य


आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम के आर आर वेंकटपुरम गांव स्थित एलजी पॉलिमर रसायन संयंत्र में गुरूवार तड़के जहरीली गैस रिसने की घटना के बाद इलाके का दृश्य हृदयविदारक नजर आया जब महिलाओं तथा बच्चों समेत काफी संख्या मे लोगों के साथ ही पशु-पक्षी अचेत पड़े पाये गये और उनके मुंह से झाग निकलता देखा गया। गैस रिसाव की घटना में अब तक कम से कम आठ लोगों के मौत की रिपोर्टें आयी है। इसके अलावा सैंकड़ों की संख्या में प्रभावित लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें 15 की हालत गंभीर बनी हुई है। गांव की सड़कों पर कई लोग मृत अथवा अचेत पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकल रहा था और जीवन के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए। बाद में उन सभी को अस्पताल ले जाया गया। तड़के करीब तीन बजे जब संयंत्र से गैस रिसाव शुरू हुआ और उसके बाद पास ही के आरआर वेंकटकपुरम गांव के कुछ लोगों ने सांस फूलने , आंखों में जलन और चक्कर आने की शिकायत महसूस की। गांव के निवासी वी रामा कृष्णा ने मीडिया को बताया कि जैसे ही कुछ घटित होने का अहसास हुआ , वे सब घरों से बाहर निकल पड़े और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। रामकृष्णा ने कहा कि उन्होंने कई लोगों को बेहोश देखा और उनके मुंह से झाग निकलते देखा। उनमें से कुछ की मृत्यु हो चुकी थी और कुछ की हालत गंभीर नजर आ रही थी। खूंटे से बंधे मवेशियों, कुछ भैंसों के अलावा कुत्तों, सुअरों और सैकड़ों की संख्या में पक्षी भी अचेत पड़े थे। के जी अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भी अफरातफरी का माहौल था , जहां माता-पिता अपने बच्चों की तलाश करते और चीत्कार करते दिखे। जहरीली गैस के असर का अंदाजा इसी तथ्य से लगाया जा सकता है कि संयंत्र के आसपास के क्षेत्रों के पेड़-पौधे भी मुरझा गये। गांव के एक निवासी एस अप्पा राव ने कहा कि गैस रिसाव की इस घटना ने उस भोपाल गैस त्रासदी की याद दिला दी , जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की जानें गयी थी। संयंत्र की स्थापना 1970 में की गयी थी , तब यह एक उजाड़ इलाका था, उस समय हिन्दुस्तान पॉलिमर के नाम से संयंत्र विजय माल्या के स्वामित्व में था। बाद में 1997 में दक्षिण कोरियाई कंपनी एलजी पॉलीमर्स ने संयंत्र को अपने अधिग्रहण में ले लिया।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ytwez8

कोई टिप्पणी नहीं