टैलेंट हंट में बच्चों ने दिखाई तैराकी की प्रतिभा
खंडवा. भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा जिले में पहली बार तैराकी प्रतिभाओं की खोज का अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत गुरुवार को साई द्वारा ओंकारेश्वर में टैलेंट हंट तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 8 से 15 आयु वर्ग के तैराकों ने उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिता में 8 बालिकाएं भी शामिल हुई। साई द्वारा भोपाल में प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाएंगे। विजेता बच्चों को साई द्वारा राष्ट्रीय स्तर का तैराक बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पिछले दिनों केंद्रीय खेल सचिव राधेश्याम जुलानिया के ओंकारेश्वर दौरे पर एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े द्वारा बच्चों की तैराकी प्रतियोगिता कराने की इच्छा जाहिर की थी। जिसके बाद केंद्रीय खेल सचिव द्वारा साई के डायरेक्टर अजीत सिंघ को प्रतियोगिता कराने को कहा था। शुक्रवार को साई के डायरेक्टर के नेतृत्व में एसडीएम डॉ. ममता खेड़े, मुख्य प्रशिक्षक आरडी झा, योजना प्रभारी जीप गोस्वामी, टीआई जगदीश पाटीदार और डिस्ट्रिक कमांडेंट महेश हनोतिया द्वारा प्रतियोगिता संपन्न कराई गई। सुबह 9 बजे से तैराकों को पंजीयन किया गया। दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी दुर्घटना से निपटने के लिए नाविकों और गोताखोरों का भी इंतजाम नदी में किया गया था।
टाइमिंग के हिसाब से होगा चयन
प्रतियोगिता में 8 से 15 वर्ष आयु के 63 तैराकों ने भाग लिया। जिसमें 8 बालिकाएं भी शामिल रही। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के गौमुख घाट से 50 मीटर दूर नर्मदा में नाव के सहारे तैराकों को ले जाया गया। यहां से 8-8 के बैच में नन्हे तैराक अपना दमखम दिखाते हुए नदी के तट तक पहुंचे। भारतीय खेल प्राधिकरण डायरेक्टर अजीत सिंघ ने बताया कि बच्चों के वजन, आयु, हाईट के हिसाब से उनकी टाइमिंग नोट की गई है। टाइमिंग के आधार पर तैराकों का चयन किया जाएगा। विजेता तैराकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। साथ ही आगे प्रशिक्षण में चयन के बाद आवासीय सुविधा और प्रतिमाह 10 हजार रुपए छात्रवृत्ति की सुविधा भी दी जाएगी। साई द्वारा प्रशिक्षण के बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में शामिल भी किया जाएगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2x7fbBE
कोई टिप्पणी नहीं