Breaking News

एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में चीनी पहलवानों के शामिल होने को लेकर रिजिजू ने दिया बड़ा बयान


एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में चीन के पहलवानों के शामिल होने को लेकर उठे संशय के बीच केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा कि इस मामले में भारत ओलंपिक चार्टर का पालन करेगा। चीन में फैले कोरोना वायरस को लेकर चीनी पहलवानों के दिल्ली में 18 से 23 फरवरी तक होने वाली एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने को लेकर संशय पैदा हो गया है। हालांकि चीन के 40 सदस्यीय दल ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया है। रिजिजू ने इस संदर्भ में पूछे जाने कर संवाददाताओं से कहा, कोरोना वायरस स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। विदेश और स्वास्थ्य मंत्रालय इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं। जहां तक खेलों की बात है हमें अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों का हर हाल में अपने देश में आयोजन करना है। इस मामले में हम पूरी ओलंपिक चार्टर का पालन करेंगे।उल्लेखनीय है कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रिजिजू के इस बयान से एक-दो घंटे पहले कहा था कि कुश्ती महासंघ चीनी पहलवानों की प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए तैयार है लेकिन इस बारे में कोई भी अंतिम फैसला सरकार को करना है। खुद चीन में 2-3 खेल आयोजनों को कोरोना वायरस के चलते स्थगित किया जा चुका है। पाकिस्तानी पहलवानों की प्रतियोगिता में भागीदारी पर भी खेल मंत्री ने कहा कि उनकी हिस्सेदारी को लेकर भी ओलंपिक चार्टर का पालन किया जाएगा। पाकिस्तान के पांच पहलवानों ने एशियाई चैंयिपनशिप में हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2UvvSjV

कोई टिप्पणी नहीं