सीके नायडू ट्रॉफी: रोचक हुआ उत्तराखंड और त्रिपुरा के बीच खेला जा रहा मुकाबला

उत्तराखंड और त्रिपुरा के बीच खेला जा रहा सीके नायडू ट्रॉफी का मुकाबला रोचक होता जा रहा है। पहली पारी में 181 पर सिमटने के बाद उत्तराखंड ने त्रिपुरा को भी 146 रन पर ढेर कर दिया। हालांकि मैच के दूसरे दिन ही उत्तराखंड की दूसरी पारी भी लड़खड़ा गई और आधी टीम महज 74 रन पर पवेलियन लौट गई।देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी में खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन त्रिपुरा ने पहली पारी 68-3 से आगे शुरू की। उत्तराखंड की धारदार गेंदबाजी के सामने त्रिपुरा के बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सके और सिन्हा (48), एस गन (28) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टीम को बड़े स्कोर की ओर नहीं ले जा सका। डीबी देवबर्मा शून्य, एसएस घोष 8, बीबी देबनाथ शून्य, टीआर मंडल 15, अर्जुन देबनाथ नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पूरी टीम 59 ओवर में महज 146 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड की ओर से अग्रिम तिवारी ने चार, हर्मन ने तीन, हिमांशु बिष्ट ने दो व आदित्य सेठी ने एक विकेट चटकाया।इसके बाद दूसरी पारी की शुरुआत करने उतरी उत्तराखंड की टीम भी त्रिपुरा के गेंदबाजों के सामने असहज दिखी। सलामी बल्लेबाज तनुष गुसाईं महज एक रन बनाकर लौट गए, जबकि आर्यन शर्मा पांच रन पर अपना विकेट गंवा बैठे। सौरव चौहान 16, अजीत सिंह रावत शून्य, दिनेश पवार 27 रन पर आउट हुए। आदित्य सेठी (11) और अभिनव बिष्ट (3) अभी क्रीज पर टिके हुए हैं। पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले आदित्य अभी क्रीज पर हैं, जिससे टीम बड़े स्कोर की उम्मीद लगाए बैठी है।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/300aiEQ
कोई टिप्पणी नहीं