07 फरवरी से शुरू होगा 130 साल पुराना प्रसिद्ध जनजातीय हिजला मेला

झारखंड में संथालपरगना के प्रमंडलीय मुख्यालय दुमका में लगभग 130 साल पुराना प्रसिद्ध जनजातीय हिजला मेला महोत्सव इस वर्ष 07 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 14 फरवरी तक चलेगा। दुमका की उपायुक्त सह हिजला मेला आयोजन समिति की अध्यक्ष राजेश्वरी बी. की अध्यक्षता में आज यहां मेला आयोजन समिति की सम्पन्न बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार, परम्परागत रूप से मेले का उद्घाटन ग्राम प्रधान से कराया जायेगा। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड के संथालपरगना प्रमंडल में हिजला मेले के नाम से उमंग भर आता है। इस लिये इस वर्ष भी पारम्परिक रूप, गरिमा और उल्लास के साथ राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में इस वर्ष भी संथालपरगना के विभिन्न जिलों से आम लोगों की भागीदारी होगी। प्रमंडल के सभी छ: जिलों में व्यापक रूप से मेले का प्रचार-प्रसार किया जायेगा, जिससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर इस मेले की पहुंच हो सके। बैठक में मेला में लगाये जाने वाले कृषि प्रर्दशनी में अत्याधुनिक तकनीक के साथ अन्य चीजों को दर्शाने के साथ एक सप्ताह चलने वाले इस मेले में प्रत्येक दिन पारंपरिक खेल आयोजित करने तथा राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव की गतिविधियों को प्रचार के विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्णय लिया गया।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2T15Wfb
कोई टिप्पणी नहीं