Breaking News

ओलम्पिक क्वालीफायर के ट्रायल में मैरी कॉम और निखत के बीच भिड़ंत


छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम और उनकी प्रबल प्रतिद्वंद्वी निखत जरीन को चीन में होने वाले ओलम्पिक क्वालीफायर के ट्रायल के लिए 51 किग्रा वर्ग में शामिल किया गया है। मैरी ने इस साल विश्व चैंपियनशिप से पहले यह कहते ट्रायल देने से मना कर दिया था कि चुने जाने के लिए उनका प्रदर्शन ही काफी है। मैरी ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। मैरी ने दिल्ली में बिग बाउट बॉक्सिंग लीग के दौरान पीठ दर्द का हवाला देते हुए खुद को हटा लिया था जिससे उनका निखत के साथ मैच ही नहीं हो पाया। पिछले कुछ दिनों में इस बात को लेकर काफी अटकलें चल रही थीं कि क्या इन दोनों मुक्केबाजों का ट्रायल हो पायेगा। शनिवार को भारतीय मुक्केबाजी महासंघ बीएफआई की चयन समिति की बैठक हुई जिसमें महिला के पांच वर्गों और पुरुषों के छह वजन वर्गों के लिए चार-चार नामों का चयन किया गया। महिलाओं का ट्रायल 27-28 दिसम्बर को और पुरुषों का ट्रायल 29-30 दिसम्बर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा। बीएफआई ने हाल में एक बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि इस साल पांच सितंबर को चयन समिति की बैठक में ओलंपिक क्वालिफायर को लेकर जो मापदंड तय किये गये थे वह उस पर अडिग है। बीएफआई ने अपने बयान में बताया था कि ट्रायल के लिये जो जरूरी मापदंड रखे गये हैं उसमें विश्व चैंपियनशिप में भागीदारी, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के स्वर्ण और रजत विजेता शामिल होंगे जबकि एक मुक्केबा•ा का चयन कोचों और चयन समिति द्वारा किया जाएगा। निखत विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पायी थीं क्योंकि उनके वजन वर्ग में मैरी उतरी थीं। 51 किग्रा वजन वर्ग की रैंकिंग में मैरी पहले और निखत दूसरे स्थान पर हैं। चयन समिति ने 51 किग्रा वर्ग में चौथे मुक्केबाज के रूप में निखत को चुना है। यदि मैरी और निखत ट्रायल में अपने-अपने मुकाबले जीत जाती हैं तो फिर उनके बीच मुकाबला होगा और विजेता को ओलम्पिक क्वालीफायर में उतरने का मौका मिलेगा। महिलाओं के 51 किग्रा भार वर्ग में दो अन्य मुक्केबाज ज्योति गुलिया और रितु ग्रेवाल हैं जिन्होंने कन्नुर में महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीता था।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/371ul86

कोई टिप्पणी नहीं