विजय हजारे ट्रॉफीः चंडीगढ़ ने असम को हराया
बायें हाथ के तेज गेंदबाज बरिंदर सरां और बिपुल शर्मा के तीन तीन विकेट की मदद से चंडीगढ ने विजय हजारे ट्राफी एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के प्लेट वर्ग में असम को 21 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की । इस जीत के साथ चंडीगढ चार मैचों में 12 अंक लेकर प्लेट वर्ग में शीर्ष पर है। पहले बल्लेबाजी करते हुए वर्षाबाधित मैच में चंडीगढ ने सात विकेट पर 166 रन बनाये। बारिश के कारण मैच प्रति टीम 20 ओवर का कर दिया गया। असम के लिये प्रीतम दास ने तीन विकेट लिये। जवाब में असम की टीम 19 . 5 ओवर में 145 रन पर आउट हो गई। सरां ने 25 और शर्मा ने 14 रन देकर तीन तीन विकेट लिये । पुडुच्चेरी और नगालैंड तथा उत्तराखंड और मिजोरम के बीच प्लेट वर्ग के मैच बारिश के कारण नहीं हो सके ।वहीं राजस्थान के जयपुर में खेली जा रही विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान लगातार पांचवां मैच हार गई। छोटी-छोटी टीमों के खिलाफ भी टीम जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो पाई है। चार मैच एसएमएस स्टेडियम में हारने के बाद जयपुरिया मैदान पर त्रिपुरा से मैच था। इस मैदान पर भी टीम राजस्थान की किस्मत नहीं पलटी। त्रिपुरा ने सलामी बल्लेबाज बी.बी. घोष (128) की शतकीय पारी से टीम राजस्थान को 47 रन से पराजित किया। त्रिपुरा ने पहले खेलते हुए 8/285 रन बनाए। जवाब में राजस्थान टीम कप्तान महिपाल लोमरोर (71) की एकमात्र अर्धशतकीय पारी से 47 ओवर में 238 रन पर ही आउट हो गई। त्रिपुरा के लिए बीबी घोष और मिश्रा (56) ने दूसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़े। पहला विकेट 50 के योग पर गिरने के बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्कोर 190 तक पहुंचाया। अनिकेत चौधरी, राहुल चाहर और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए। दीपक चाहर और अभिमन्यु लाम्बा को एक-एक विकेट मिला।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LL7hTw
कोई टिप्पणी नहीं