फुटबॉल: कोरिया से शर्मनाक शिकस्त झेल भारत लगभग बाहर

भारतीय फुटबॉल टीम शर्मनाक प्रदर्शन करते हुए उत्तर कोरिया के हाथों शनिवार को 2-5 की करारी शिकस्त झेल कर इंटरकॉन्टिनेंटल कप फुटबॉल टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गयी। गत चैंपियन भारत की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले ताजिकिस्तान ने उसे 4-2 से हराया था। उतर कोरिया के हाथों हार के बाद भारत की तमाम संभावनाएं लगभग समाप्त हो चुकी हैं। उसके लिए फाइनल में जाने का एक यही मौका बन सकता है कि ताजिकिस्तान अपना अगला मैच हारे और भारत अपने अंतिम मैच में सीरिया को छह गोल के बड़े अंतर से हराये। सीरिया इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रैंकिंग वाली टीम है और उसे बड़े अंतर से हराना भारतीय टीम के लिए बहुत ही मुश्किल काम है।उत्तर कोरिया ने शुरुआत से भारत पर दबाव बनाया और उसके कप्तान जोंग ग्वान ने आठवें मिनट में गोल कर दिया। सिम जिन ने सोलहवें मिनट में स्कोर 2-0 किया जबकि ग्वान ने 29वें मिनट में तीसरा गोल दाग दिया। दूसरे हाफ में लालियान जुआला छांग्टे ने 50वें मिनट में भारत का पहला गोल किया जबकि रिचोल ने 63वें मिनट में गोल कर उत्तर कोरिया को 4-1 से आगे कर दिया। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने 71वें मिनट में भारत का दूसरा गोल किया जबकि उत्तर कोरिया ने इंजरी समय में गोल कर मुकाबला 5-2 से जीत लिया।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NVia8v
कोई टिप्पणी नहीं