विजय हजारे ट्रॉफी: उत्तराखंड करेगा मेजबानी, 8 राज्यों की टीमें दिखाएंगी दम

देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित वन डे क्रिकेट टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी की मेजबानी इस बार उत्तराखंड करेगा। लीग मैचों के साथ ही नॉक आउट राउंड के मुकाबले भी उत्तराखंड में खेले जाएंगे। इसके लिए बकायदा बीसीसीआई की टीम ने उत्तराखंड से आयोजन स्थलों का प्रस्ताव भी मांग लिया है। उत्तराखंड दूसरे साल बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने को तैयार है। हालांकि उत्तराखंड में एसोसिएशन का मसला चल रहा है। मगर उत्तराखंड में क्रिकेट स्टेडियम और सुविधाओं को देखते हुए बीसीसीआई के देश के सबसे बड़े प्रतिष्ठित टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी के लीग राउंड और नॉक आउट राउंड की जिम्मेदारी प्रदेश को सौंपने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड को प्लेट ग्रुप के लीग मैचों की जिम्मेदारी मिल रही है।इसमें उत्तराखंड के साथ ही मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, पुडुचेरी और असम की टीम शामिल होगी। वहीं नॉक आउट राउंड के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल के 7 मैचों की मेजबानी भी उत्तराखंड में हो सकती है। इसमें देश की शीर्ष 8 टीमें उत्तराखंड में आकर खेलेगी। इससे युसुफ पठान, पृथ्वी शॉ, ईशान किशन, कुणाल पांड्या, ईशांत शर्मा, श्रेयस अय्यर, नवदीप सैनी, शाहबाज नदीम जैसे खिलाड़ियों को भी लोगों को खेलते हुए देखने का मौका मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार इसके लिए बीसीसीआई के अधिकारियों और पिच क्यूरेटर ने बीते दिनों बकायदा मैदानों का निरीक्षण कर चयन भी कर लिया है। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के साथ ही कसिगा स्कूल और सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में विजय हजारे के लीग और नॉक आउट मैचों का आयोजन हो सकता है। जबकि फाइनल राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2SsCsVk
कोई टिप्पणी नहीं