Breaking News

हर मैच में रिकॉर्ड तोड़ रहा धोनी का यह चेला, ईशान किशन ने T-20 में जड़ा लगातार दूसरा शतक


आईपीएल 2019 के शुरु होने में एक महीने से भी कम का समय रह गया है, पर लगता है कि आईपीएल में मुंबई के लिए खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के लिए आईपीएल 23 मार्च से पहले ही शुरु हो चुका है। जी हां, सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 10वें सीजन में इस बल्लेबाज ने धूम मचा रखी है और मौजूदा सीजन में लगातार दो शतक जड़ चुके हैं। उनके इस प्रदर्शन से उनकी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में खुशी की लहर दौड़ रही होगी, तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी टीमें यही उम्मीद कर रही होंगी कि किशन नाम का ये तूफान उनकी टीम को साथ ना उड़ाकर ले जाए। इस प्रदर्शन से किशन ने संकेत दे दिए हैं कि आगामी आईपीएल सीजन में गेंदबाजों की खैर नहीं। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड के लिए खेलते हुए किशन ने लगातार दूसरा शतक जड़ा। हालांकि मौजूदा सीजन में उनके अभियान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और वह दिल्ली के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके थे, पर उसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए पहले जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 55 गेंदों पर शतक ठोक डाला और उसके बाद अब मणिपुर के खिलाफ 12 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 62 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेल डाली। उनकी इस पारी में 78 रन तो सिर्फ चौकों और छक्कों से बने थे। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के खिलाफ लगाए गए शतक में भी किशन ने 8 चौके और 7 छक्कों के साथ शतक बनाया था, जिसमें 74 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए थे। पिछले मैच में शतक जड़ते ही वो टी-20 में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर कप्तान बने थे। ईशान किशन टी-20 क्रिकेट में लगातार 2 शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले ये कारनामा 2013 में दिल्ली के बल्लेबाज उन्मुक्त चंद भी कर चुके हैं। दोहरे शतकीय धमाके के साथ ईशान किशन ने दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के आठवें बल्लेबाज हैं उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर, इंग्लैंड के केविन पीटरसन, दक्षिण अफ्रीका के रीज़ा हेंड्रिक्स और इंग्लैंड के ल्यूक राइट ऐसा कर चुके हैं। किशन की धमाकेदार पारी की बदौलत झारखंड ने मणिपुर को इस एकतरफा मुकाबले में 121 रनों से मात दी। इस मैच में झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 1 विकेट पर 219 रन बनाए। इसके जवाब में खेलने उतरी मणिपुर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर महज 98 रन बना सकी। इस जीत के साथ झारखंड सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी की अंक तालिका में पहले स्थान पर काबिज हो गया है। अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों में झारखंड ने जीत हासिल की है। अगले मुकाबले में झारखंड की टक्कर नागालैंड से 27 फरवरी को होगी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2XnWXEA

कोई टिप्पणी नहीं