Breaking News

विश्व स्तर पर भारत का परचम लहराने वाली हिमा दास देंगी 12वीं की परीक्षा


अर्जुन पुरस्कार विजेता व ढींग एक्सप्रेस के नाम से मशहूर हिमा दास उच्चतर माध्यमिक (एचएस) की परीक्षा देंगी। वे आर्ट स्ट्रीम से 12वीं की छात्रा हैं। हिमा का नाम हाल ही फोर्ब्स इंडिया के 30 असाधारण प्रतिभावान लोगों की सूची में शामिल किया गया था। हिमा विश्व स्तर पर किसी एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फिनलैंड में आईएएएफ विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (400 मीटर) में शीर्ष स्थान हासिल किया। हिमा से पहले कोई भी भारतीय महिला किसी भी स्तर पर विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण नहीं जीत सकी थी। वह ट्रैक स्पर्धा में पीला तमगा जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। असम की धींग गांव की 18 साल की हिमा फिनलैंड में मिली सफलता के बाद रातोंरात स्टार बन गईं। उन्होंने एशियाई खेलों में 50.79 सेकंड का रिकॉर्ड समय निकालकर रजत पदक जीता। उन्हें नवंबर में यूनीसेफ इंडिया की युवा एंबेसडर बनाया गया है। हिमा बच्चों के अधिकारों और आवश्यकताओं के बारे में जागरुकता बढ़ाने, बच्चों और युवाओं की आवाज को बुलंद करने में हिस्सा लेंगी। इस प्रकार वह समाज के विकास में अपना योगदान देंगी। हिमा को अक्टूबर 2018 में एक समारोह में वोग स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर चुना गया। उसके परिवार के सदस्यों के अनुसार, वह 10 फरवरी को ढींग स्थित कंधुलिमारी गांव पहुंची और अपनी परीक्षा के लिए प्रतिदिन दो-तीन घंटे की पढ़ाई कर रही हैं। बता दें कि असम उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (AHSEC) की परीक्षा 12 फरवरी से 14 मार्च, 2019 तक आयोजित की जाएगी। पहली बार हाई-टेक धोखाधड़ी को रोकने के लिए, वैधानिक परीक्षा संचालन निकायों को मोबाइल-फोन जैमर के इस्तेमाल करने की अनुमति मिली है। बता दें कि परीक्षा राज्य के 772 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस बार 2,42,843 छात्र परीक्षा दे रहे हैं। जिनमें से 1,86,187 छात्र आर्ट्स स्ट्रीम से, 37,455 साइंस स्ट्रीम से और 18,291 कॉमर्स स्ट्रीम से और 910 छात्र वोकेशनल कोर्स से परीक्षा देंगे।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2RZZv80

कोई टिप्पणी नहीं