एक पारी में 10 विकेट लेने वाले मणिपुर के गेंदबाज ने मचाया धमाल, साउथ अफ्रीका का किया ऐसा हाल

कूच विहार ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरने वाले मणिपुर के बांए हाथ के तेज गेंदबाज रेक्स राजकुमार सिंह ने दक्षिण अफ्रीका अंडर 19 टीम के खिलाफ इंडिया अंडर 19 टीम की पारी की जीत में अहम भूमिका अदा की। दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहली पारी में 152 रन पर ढेर करने के बाद भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल (173) और वैभव कांडपाल (120) की शानदार शतकीय पारियों की बदौलत जवाब में 395 रन बनाए। इस तरह पहली पारी में भारतीय टीम 243 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रही। इसके बाद दूसरी पारी में गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए धमाल रेक्स सिंह ने मचाया। पहली पारी में कोई सफलता नहीं हासिल करने वाले रेक्स ने दूसरी पारी में 9.4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने चार मेडन ओवर भी डाले। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम महज 85 रन पर ढेर हो गई। रेक्स के अलावा अंशुल खंबोज ने 3 और मनिषी ने 2 विकेट लिए। दूसरी पारी में कोई भी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज रन नहीं बना पाया। कप्तान मैथ्यू मोटागोमरी(36) दक्षिण अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। रेक्स सिंह ने ओपनर रुआन टर्बलेन्च(2) को बोल्ड कर भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने विकेटकीपर ल्युक बीफोर्ट(1) को कैच कराकर दूसरा विकेट हासिल किया। अंत में उन्होंने पुछल्ले बल्लेबाजों सिया प्लाटजी (0) और लीफा तानजी (4) को एलबीडब्लू कर भारत को पारी और 158 रन के अंतर से जीत दिला दी। टीम इंडिया के लिए अपना पहला मैच खेल रहे रेक्स सिंह ने पहली पारी में 9 ओवर में 28 रन दिए थे लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके थे इस कमी की उन्होंने दूसरी पारी में भरपाई कर दी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NBpbXW
कोई टिप्पणी नहीं