Breaking News

कूच बिहार ट्रॉफी में उत्तराखंड के अरुणाचल को हराया


कूच बिहार ट्रॉफी के अपने अंतिम लीग मैच में अरुणाचल प्रदेश को दो दिन में हराकर उत्तराखंड ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खेले गए अंतिम मैच में उत्तराखंड ने पारी और 29 रन से जीत दर्ज कर प्लेट ग्रुप में 56 अंक हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। मैच के पहले दिन अरुणाचल प्रदेश को पहली पारी में 130 रन पर समेटने के बाद उत्तराखंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट गंवाकर 156 रन बनाकर पहली पारी में 26 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। तनुष गुसाईं 11 और समर्थ 1 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। दूसरे दिन दोनों बल्लेबाज टीम का स्कोर आगे बढ़ाने के लिए मैदान में उतरे और 7 ओवर में दोनों ने 40 रन जोड़ लिए। मगर 196 रन के स्कोर पर समर्थ 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 206 रन पर हरमन और 211 रन पर सुमित जुयाल ने भी तनुष का साथ छोड़ दिया। मगर दूसरे छोर से तनुष ने रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और 81 गेंद में 51 रन बनाए। नौंवे विकेट के लिए सुमित और 10वें विकेट के लिए जगमोहन के साथ साझेदारी कर तनुष ने टीम का स्कोर 284 रन तक पहुंचाया। मगर इस स्कोर पर तनुष 120 गेंद में 97 रन की पारी खेलकर आउट हो गए और शतक से चूक गए। मगर इससे पहले टीम को 154 रन की बढ़त मिल चुकी थी। पहली पारी में 154 रन से पिछड़ी अरुणाचल प्रदेश की शुरुआत दूसरी पारी में भी खराब रही। जगमोहन नगरकोटी ने 12 रन पर अरुणाचल प्रदेश के बल्लेबाज को आउट कर उत्तराखंड को पहली सफलता दिलायी। 17 रन पर सुमित जुयाल ने दूसरा विकेट चटका दिया। 23 रन पर अरुणाचल प्रदेश को तीसरा और 32 रन पर चौथा झटका लगा। चार विकेट जल्दी गिरने के बाद मध्यक्रम में गोविंद मित्तल और टीसेरिंग थापके ने विकेटों का पतझड़ रोका और स्कोर आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। मगर जगमोहन ने गोविंद को 40 रन के निजी स्कोर पर आउट कर अरुणाचल प्रदेश को पांचवां झटका दिया। लगातार विकेट गिरते रहने से अरुणाचल प्रदेश दूसरी पारी में 125 रन पर सिमट गई। सुमित जुयाल ने 13 ओवर में 38 रन देकर 3, जगमोहन ने 13 ओवर में 42 रन देकर 3, सुमित ने 10 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2MhEapk

कोई टिप्पणी नहीं