मैरीकॉम को ट्रेनिंग के लिए नहीं मिल रही पार्टनर, अब पुरुष बॉक्सर के साथ करनी होगी ट्रेनिंग!

छह बार की विश्व चैंपियन भारतीय बॉक्सर एमसी मैरीकॉम की नजरें अब 2020 में होने वाले ओलंपिक पर टिकी हैं। लेकिन उनके सामने इसकी तैयारियों को लेकर कुछ मुश्किलें भी आ रही हैं। इस वजह से उन्हें पुरुष बॉक्सर के साथ ट्रेनिंग करनी पड़ सकती है।दरअसल, ओलंपिक पदक विजेता मैरीकॉम ने बुधवार को कहा कि विश्व चैंपियनशिप के 48 किग्रा वर्ग में उन्हें कोई कड़ी प्रतिद्वंद्वी नहीं मिली, जिसमें वह छठी बार विश्व चैंपियन बनीं। मैरीकॉम तीन बच्चों की मां हैं। मैरीकॉम यह भी साफ कर चुकी हैं कि वे फिर से वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतना चाहती हैं। वे इसके लिए काफी कड़ी मेहनत कर रही हैं। 35 वर्षीय मैरी कॉम ने कहा, ‘ट्रेनिंग के लिए जोड़ीदार ढूंढ़ना भी मुश्किल है। हमारे पास इतने जोड़ीदार नहीं हैं, इससे मदद नहीं मिलती। दिल्ली में विश्व चैंपियनशिप के बाद जिन्हें मौका नहीं मिला, वे चली गईं। कुछ ही बची हैं। अगर मेरी ट्रेनिंग अच्छी नहीं होती है तो मैं ट्रेनिंग के लिए लंबे कद के बॉक्सरों को रखूंगी और उनके साथ अभ्यास करूंगी। मैंने पिछली बार 2012 लंदन ओलंपिक से पहले पुणे के बालेवाड़ी में ऐसा ही किया था।’ लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली यह बॉक्सर ‘इंडियन फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट्स गेमिंग’ के ‘स्टार्स ऑफ टूमॉरो’ अभियान लांच करने के बाद पत्रकारों से रूबरू हुईं। मैरीकॉम की निगाहें टोक्यो ओलंपिक-2020 में पदक जीतने पर लगी हैं, जिसके लिए उन्होंने अभी से 51 किग्रा वजन वर्ग की अपनी प्रतिद्वंद्वियों के वीडियो देखना शुरू कर दिया है। मणिपुर की एमसी मैरीकॉम ने कहा, ‘मैंने विश्व चैंपियनशिप के दौरान 51 किग्रा में खेल रही मुक्केबाजों को भी देखा। कुछ को क्वालिफिकेशन में ही परेशानी हुई। अन्य सामान्य थीं। मैंने सभी वीडियो तैयार किए हैं और इसके अनुसार ही तैयारी करूंगी।’ अपनी उपलब्धियों के बारे में मैरीकॉम ने कहा, यह सब हासिल करने वाली पहली महिला मुक्केबाज बनकर मैं बहुत खुश हूं। हर किसी के सपने होते हैं और मुझे खुशी है कि मैं अपने सपने पूरे कर सकी।
from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2rn0ZON
कोई टिप्पणी नहीं