Breaking News

प्राकृतिक सुंदरता का अनोखा संगम है आंध्र प्रदेश का यह दिलकश शहर, महाभारत काल से जुड़े हैं तार


आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले में स्थित विजयवाड़ा राज्य का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। यह शहर तीन तरफ पानी से और एक तरफ पहाड़ से घिरा हुआ है, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। विजयवाड़ा कृष्णा नदी के तट पर बसा है, जो कि शहर के दक्षिणी भाग से होकर गुजरती है। बंगाल की खाड़ी विजयवाड़ा के पूर्व में है, जबकि इंद्रकीलाद्री पहाड़ पश्चिम की ओर है। शहर से पश्चिम की ओर बाहरी इलाके में कोंडापल्ली रिजर्व फॉरेस्ट स्थित है, जो शहर को एक हरा-भरा माहौल उपलब्ध कराता है। विजयवाड़ा का अर्थ होता है- विजय स्थान। यह नाम शहर की देवी कनक दुर्गा के नाम पर पड़ा है, जिसे ‘विजया’ के नाम से भी जाना जाता है। विजयवाड़ा बैजवाड़ा के नाम से भी प्रसिद्ध है, जो कि शहर का पुराना नाम है। विजयवाड़ा देश का एक जाना माना पर्यटन स्थल है। यह रसीले आम, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और कई खूबसूरत झरनों के लिए जाना जाता है। आज के समय में विजयवाड़ा आंध्रप्रदेश का एक प्रमुख व्यापारिक और व्यवसायिक केन्द्र है। विजयवाड़ा विश्व के सर्वाधिक तेजी से विकसित होते शहरों में से एक है और मैकिंसे क्वाटेरली पत्रिका ने इसे भविष्य का ग्लोबल सिटी करार दिया है।विजयवाड़ा कई राजवंशों के उत्थान और पतन का साक्षी रहा है। यहां ओडिशा के गाजापथियों से लेकर पूर्वी चालुक्य और विजयनगर साम्राज्य के शक्तिशाली राजा कृष्णा देव राया ने शासन किया। विजयवाड़ा का उल्लेख कई पौराणिक कथाओं में भी मिलता है। ऐसी मान्यता है कि महाभारत के महान योद्धा अर्जुन को भगवान शिव ने इंद्रकीलाद्री पहाड़ पर ही आशीर्वाद दिया था। विजयवाड़ा में पर्यटन के काफी विकल्प हैं। कुछ प्रमुख धार्मिक स्थलों में कनक दुर्गा मंदिर और दक्षिण भारत का सबसे पुराना वैष्णव मंदिर मंगलगिरि शामिल है। यहां का अमरावती शिव मंदिरों के लिए जाना जाता है, जिसे अमरेश्वर भी कहा जाता है। इसके अलावा गुनाडाला या सेंट मैरी चर्च का भी विशेष धार्मिक महत्व है। विजयवाड़ा जाने पर मोगलराजपुरम की गुफाएं, उंडावल्ली की गुफाएं, गांधी हिल पर स्थित गांधी स्तूप, कोंडापल्ली किला, भवानी द्वीप और राजीव गांधी पार्क घूमना न भूलें। यहां के प्रकाशम बांध से एक खूबसूरत झील का निर्माण होता है और इसे घूमना एक अच्छा अनुभव साबित हो सकता है। कैसे पहुंचें गन्नावारम स्थित विजयवाड़ा एयरपोर्ट शहर से 20 किमी दूर है। यहां से हैदराबाद और विशाखापत्तनम के लिए नियमित उड़ानें मिलती हैं। पर्यटक हैदराबाद से अन्य शहरों के लिए फ्लाइट ले सकते हैं। विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन भारत के कई प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा दक्षिण और मध्य भारत के शहरों को जोड़ने के लिए सड़क परिवहन व्यवस्था भी बेहतरीन है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2P2BfFO

कोई टिप्पणी नहीं