Breaking News

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय हॉकी टीम को मिली सेमीफाइन में एंट्री, आज दक्षिण कोरिया से होगी भिड़ंत


गत चैंपियन भारतीय हॉकी टीम सेमिफाइनल में शानदार एंट्री के बाद बुधवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में दक्षिण कोरिया के खिलाफ उतरेगी। इससे पहले मंगलवार को भारत ने मलयेशिया को गोलरहित बराबरी पर रोक दिया था। इसके साथ ही लगातार चौथे मैच में अजेय भारत ने दस अंक के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।बता दें कि मलयेशिया की टीम भी अंतिम चार में पहुंच गई है। उसके भी तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ दस अंक हैं लेकिन अब तक टूर्नामेंट में 23 गोल कर चुकी भारतीय टीम गोल अंतराल के कारण ग्रुप में शीर्ष पर है। अब बुधवार को उसका अंतिम ग्रुप मैच दक्षिण कोरिया के साथ होगा। पांचवीं रैंकिंग की भारतीय टीम और 13वीं रैंकिंग की मलयेशियाई टीम के बीच कड़ी टक्कर हुई। मलयेशिया की टीम ने जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में भारत को सडेन डेथ में पराजित किया था। भारतीय टीम मौके गंवाने के कारण उस हार का बदला नहीं चुका सकी। सातवें मिनट में मनदीप बिल्कुल गोलपोस्ट के सामने थे लेकिन गुरजंट के बाएं छोर से मिले क्रास का लाभ नहीं उठा सके।एक मिनट बाद ही मलयेशियाई रक्षक से छिटककर मिली गेंद पर दिलप्रीत का निशाना सही नहीं रहा। पहले क्वार्टर की समाप्ति से पहले आकाशदीप के पास पर मनदीप को भी गोल करने का अवसर मिला था लेकिन उन्होंने भी गेंद बाहर मार दी।पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह गोलकीपर को मात नहीं दे सके। बाकी तीन क्वार्टर में भी कमोवेश यही कहानी रही। हालांकि मलयेशियाई टीम के तेंगकू को मनप्रीत के खिलाफ फाउल करने पर पीला कार्ड दिखाया गया था और टीम दस खिलाड़ियों से ही खेलने को विवश गई थी। अंत में भारत के नीलकांत ने भी एक मौका गंवाया।भारतीय कोच हरेन्द्र सिंह ने कहा कि वह खुश नहीं हैं भारतीय खिलाड़ियों के इस तरह मौके नहीं गंवाने चाहिएं। बता दें कि इससे पहले भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में ओमान को 11-0, दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 3-1 से और तीसरे मुकाबले में चैंपियन जापान को 9-0 से शिकस्त दी थी। फिलहाल 10 अंकों के साथ भारतीय टीम पूल में टॉप पर है। मलेशिया के भी 10 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Sh2gn5

कोई टिप्पणी नहीं