Breaking News

नौसेना की टीम डूबी कार का पता लगाने में नाकाम, नहीं मिला कोई सुराग


पूर्वी असम के शिवसागर जिले में दिकहोव नदी में पांच यात्रियों के साथ नदी में गिरी कार के बारे में नौसेना के गोताखोरों को भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पहले कार सवार लोगों की तलाश में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सेना के गोताखोरों को लगाया गया था लेकिन वे भी इनका पता लगाने में नाकाम रहे थे जिसके बाद आज सुबह नौसेना के विशेष गोताखोरों की टीम को नदी में उतारा गया था। इस टीम को सोमवार को विशाखापट्टनम से बुलाया गया था और इसने दिकहोव नदी में आधुनिक उपकरणों के साथ अपना खोज अभियान शुरू किया लेकिन गोताखोरों को कोई सफलता नहीं मिली है। घटनास्थल से दो किलोमीटर के क्षेत्र में गोताखोरों की टीम आधुनिक सोनार तकनीक का इस्तेमाल कर रही है लेकिन कार का कोई पता नहीं चल सका है। कार सवार लोगों की तलाश में विभिन्न एजेंसियों के 100 लोगों को पहले ही लगाया गया है। नौसेना की टीम का अभियान बुधवार को भी जारी रहेगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिरेन बोरा कार में शनिवार शाम को अपनी माताजी, पत्नी और दो बेटियों के साथ जा रहे थे और यह कार इस नदी में जा गिरी।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2oGn21z

कोई टिप्पणी नहीं