Breaking News

वाट्सएप पर दिन-रात मैसेज फारवर्ड करते हैं तो हो जाएं सावधान, आ रहा नया नियम


वाट्सएप ने फर्जी संदेशों के प्रसार से छुटकारा पाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए एक नये फीचर पर परीक्षण शुरू किया है। इस फीचर में वाट्सएप पर शेयर किए जाने वाले सभी प्रकार के संदेश को फारवर्ड करने की सीमा सेट की जायेगी। वाट्सएप की तरफ से कहा गया है कि एक बार में पांच चैट्स ही फारवर्ड किए जा सकेंगे। इसके साथ ही क्विक फारवर्ड बटन को भी खत्म किया जा रहा है, जिसका विकल्प मीडिया संदेश के बाद होता है। अभी तक वाट्सएप में एक संदेश का चयन करके उसे काफी लोगों को फारवर्ड किया जा सकता है। बयान में कहा गया है कि वाट्सएप पर फर्जी खबरों को रोकने के लिए एक नये फीचर का परीक्षण शुरू किया है। इसके तहत शेयर किए जाने वाले सभी तरह के संदेशों को फारवर्ड करने की सीमा सेट की जायेगी और इसके बाद संदेश आगे भेजने का विकल्प खत्म हो जायेगा। सरकार ने वाट्सएप को गुरुवार को एक और नोटिस भेजकर फर्जी और भ्रामक संदेशों के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा था। सरकार ने चेतावनी दी है कि अफवाहों के प्रसार का जरिया बनने वाले भी दोषी माने जायेंगे और उपाय नहीं किए जाने पर उन्हें भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। हाल के दिनों में वाट्सएप के फारवर्डेड मैसेज के कारण कई हिंसक घटनाओं हुईं और विकराल रुप धारण कर लिया। वाट्सएप की संरक्षक कंपनी फेसबुक के लिए भारत बड़ा और महत्वपूर्ण बाजार है। देश में वाट्सएप के 20 करोड़ से अधिक इस्तेमालकर्ता हैं। कंपनी का कहना है कि विश्व की तुलना में भारत में सबसे अधिक संदेश, फोटो और वीडियो भेजे जाते हैं। कंपनी के नये फीचर से वाट्सएप का इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति एक संदेश को केवल पांच बार आगे भेज पायेगा। सीमा खत्म हो जाने पर उस संदेश को फारवर्ड करने का विकल्प खत्म हो जायेगा। कंपनी ने कहा है कि इस फीचर का परीक्षण किया जा रहा है जो हर किसी पर लागू होगा। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने तीन जुलाई को वाट्सएप से कहा था कि कंपनी को अपने प्लेटफार्म का बेजा इस्तेमाल होने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।

from Daily News : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2NDYZLR

कोई टिप्पणी नहीं